कोर्ट में माइकल कोहेन के गुनाह कबूलने से राष्ट्रपति ट्रंप की राजनीतिक छवि खराब होती दिख रही है।
वाशिंगटनः अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने पूर्व वकील माइकल कोहेन के आरोपों से इनकार कर दिया है। ट्रंप ने चुनाव के दौरान रूस के किसी तरह की सांठगांठ से इनकार करते हुए कहा कि कोहेन मनगढ़ंत कहानियां गढ़ रहा है। राष्ट्रपति ने एक टीवी चैनल को दिए साक्षात्कार में कहा कि उन्हें भुगतान के बारे में बाद में पता चला। कोहेन ने जुलाई में ट्रंप के साथ अपनी बातचीत के कुछ ऑडियो टेप जारी किए थे, जिसमें चुनाव प्रचार दौरान पोर्न स्टार स्टॉर्मी डेनियल्स को भुगतान को लेकर चर्चा थी।
कोर्ट में कोहेन ने गुनाह कबूला
ट्रंप के पूर्व वकील माइकल कोहेन का कहना है कि वह अमरीकी राष्ट्रपति चुनाव प्रचार में रूस के साथ कथित सांठगांढ की जांच में सहयोग देकर बहुत खुश हैं। कोहेन को मंगलवार को 2016 के राष्ट्रपति चुनाव में वित्तीय कानून का उल्लंघन कर भुगतान करने का दोषी ठहराया गया था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, कोहेन, ट्रंप के बारे में सब कुछ बताने के लिए तैयार है कि वह उनके निजी वकील लैनी डेविस को जानते हैं। बता दें कि एक दशक से भी अधिक समय तक ट्रंप के निजी वकील रह कोहेन को कर चोर, बैंक धोखाधड़ी और वित्त कानूनों के उल्लंघन सहित आठ मामलों में दोषी ठहराया गया है।
स्टॉर्मी डेनियल्स ने किया है मानहानि का केस
डोनाल्ड ट्रंप और उनके वकील माइकल कोहेन पर पोर्न स्टार स्टॉर्मी डेनियल्स ने अपनी छवि खराब करने का आरोप लगाते हुए ट्रंप के निजी वकील पर मानहानि का मुकदमा दायर किया हुआ है। स्टॉर्मी के वकील माइकल एवेनट्टी ने कैलिफोर्निया की अदालत में मार्च महीने में केस दर्ज कराया था। स्टॉर्मी का कहना है कि ट्रंप के वकील कोहेन ने 2016 के राष्ट्रपति चुनाव के पहले ट्रंप के साथ यौन संबंधों को लेकर चुप्पी साधने के लिए 130,000 डॉलर का भुगतान किया था। एक टीवी चैनल को साक्षात्कार देते समय स्टॉर्मी ने कहा था कि वर्ष 2006 और 2007 में ट्रंप ने उनके साथ कई बार यौन संबंध बनाए। लेकिन ट्रंप के निजी वकील माइकल कोहेन ने इस आरोप को नकार दिया था।