अमरीका

ट्रंप ने खाशोगी की मौत पर सऊदी अरब को सुनाई खरीखोटी, कहा- इतिहास की सबसे बुरी घटना

उन्होंने ये भी कहा कि वह इस मामले में अमरीका की संभावित प्रतिक्रिया की जिम्मेदारी कांग्रेस पर छोड़ते हैं।
2 min read
Oct 24, 2018
Trumps slams killing of jamal khashoggi says its historic
ट्रंप ने खाशोगी की मौत पर सऊदी अरब को सुनाई खरीखोटी, कहा- इतिहास की सबसे बुरी घटना

वाशिंगटन। अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को पत्रकार जमाल खाशोगी की मौत को छिपाने के लिए सऊदी अरब की आलोचना की। हालांकि उन्होंने ये भी कहा कि वह इस मामले में अमरीका की संभावित प्रतिक्रिया की जिम्मेदारी कांग्रेस पर छोड़ते हैं।

ट्रंप ने ओवल ऑफिस में दिया ये बयान

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ट्रंप ने ओवल ऑफिस में यह जवाब एक रिपोर्टर द्वारा यह पूछे जाने पर दिया कि हत्या कैसे हुई। ट्रंप ने रिपोर्टर से कहा, 'उनका बहुत बुरा मूल विचार था। इसे उतने ही बुरे तरीके से अंजाम दिया गया, सच छिपाने के इतिहास में ये सबसे बुरा तरीका रहा।' बता दें कि खाशोगी के हत्या की योजना का जिक्र करते हुए ट्रंप ने कहा, 'यह जिनका भी विचार रहा है, मुझे लगता है कि वे बड़ी परेशानी में हैं और उन्हें अब बड़ी परेशानी में होना भी चाहिए।'

घटना के लिए जिम्मेदार लोगों पर लगे बैन

ट्रंप ने यह भी कहा कि इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों पर कुछ तरह के प्रतिबंध जरूर लगाए जाने चाहिए। हालांकि, उन्होंने इस फैसले को कांग्रेस पर छोड़ दिया कि वास्तव में क्या कार्रवाई होनी चाहिए। आपको बता दें कि पत्रकार जमाल खाशोगी के शरीर के कुछ हिस्से इस्तांबुल स्थित सऊदी महावाणिज्यदूत के आवास में पाए गए हैं। ब्रिटेन स्थिति एक प्रसारक ने मंगलवार को एक रिपोर्ट में इस बारे में जानकारी दी। रिपोर्ट के अनुसार, 59 वर्षीय वाशिंगटन पोस्ट के स्तंभकार के शरीर को काटा गया था और उनके चेहरे को विकृत कर दिया गया था, जिसके कुछ हिस्से महावाणिज्यदूत के घर के बगीचे में पाया गया है।

महावाणिज्यदूत के बगीचे में शव के हिस्से

तुर्की की रोडिना पार्टी के नेता डोगू पेरिनसेक ने भी एक साक्षात्कार में दावा किया कि पत्रकार के शव को महावाणिज्यदूत के आवास परिसर के बगीचे में स्थित कुंए से बरामद किया गया। उन्होंने कहा कि इस हत्या को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया था। इसके साथ ही उन्होंने शव के संबंध में जानकारी सहित सऊदी अरब से और जानकारी देने के लिए कहा। वहीं एर्दोगन ने भी कहा, 'उस व्यक्ति का शव कहां है, जिसके बारे में आधिकारिक रूप से यह कहा गया कि उसकी हत्या कर दी गई है।'

Published on:
24 Oct 2018 06:27 pm