HIGHLIGHTS जो बिडेन सरकार ने सदन में अमरीकी नागरिकता विधेयक 2021 को पेश किया। इस नए कानून से रोजगार आधारित ग्रीन कार्ड के लिए किसी देश के निवासियों की संख्या सीमित करने पर पूर्व में लगाई गई रोक खत्म हो जाएगी।
वाशिंगटन। बिडेन प्रशासन ने भारतीयों को लिए बड़ी राहत दी है। गुरुवार को जो बिडेन सरकार ने सदन में अमरीकी नागरिकता विधेयक 2021 को पेश किया। इस विधेयक के पास होने और कानून बनने पर भारतीयों को बहुत फायदा मिलने वाला है।
इस नए कानून से रोजगार आधारित ग्रीन कार्ड के लिए किसी देश के निवासियों की संख्या सीमित करने पर पूर्व में लगाई गई रोक खत्म हो जाएगी। इसके अलावा, H1B वीजाधारकों के आश्रितों को भी काम करने की अनुमति मिल जाएगी।
ऐसे में अमरीका में प्रौद्योगिकी क्षेत्र में काम करने वाले हजारों भारतीयों को इसका सबसे अधिक फायदा मिलेगा। बता दें जो बिडेन ने 20 जनवरी को राष्ट्रपति पद की शपथ लेने के बाद इस विधेयक को मंजूरी के लिए संसद में भेजा था। इसके तहत रोजगार आधारित लंबित वीजा को मंजूरी दी जाएगी।
भारतीय-अमरीकी नागिरकों को होगा अधिक फायदा
बता दें कि अमरीकी संसद के दोनों सदनों (प्रतिनिधि सभा और सीनेट) से विधेयक के पारित होने के बाद राष्ट्रपति जो बिडेन के हस्ताक्षर होने के साथ ही यह कानून बन जाएगा और बिना दस्तावेज के रह रहे 1.1 करोड़ लोगों व वैध तरीके से देश आए लाखों लोगों को नागरिकता मिलने का मार्ग प्रशस्त होगा।
इस कानून से सबसे अधिक भारतीय IT पेशेवरों को लाभ मिलेगा। हजारों भारतीय IT पेशेवर एक दशक से अधिक समय से इसका इंतजार कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि एसटीईएम (विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित) विषयों में डिग्री के लिए अमरीकी विश्वविद्यालयों में सबसे ज्यादा छात्र भारत के ही हैं। सीनेटर बॉब मेनेंडेज और प्रतिनिधि सभा की सदस्य लिंडा सांचेज ने एक बयान में कहा कि अमरीकी नागरिकता कानून-2021 में आव्रजन सुधार का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने कहा कि इस कदम से ग्रीन कार्ड के लिए 10 साल से ज्यादा समय से इंतजार कर रहे पेशेवरों को वैध रूप से स्थायी तौर पर रहने की मंजूरी मिल जाएगी। बता दें कि दोनों सदनों में सत्तारूढ़ डेमोक्रेटिक पार्टी का बहुमत है। हालांकि, ऊपरी सदन में विधेयक को पारित कराने के लिए पार्टी को 10 रिपब्लिकन सदस्यों के समर्थन की जरूरत होगी।