अमरीका

भारत-रूस के बीच S-400 सौदे को नहीं होने देना चाहता अमरीका, इस चीज का सता रहा है डर

अमरीका का कहना है कि S-400 की खरीद महत्वपूर्ण सौदा माना जाएगा इसलिए इस खरीद को रोकने के लिए प्रतिबंध भी लगाया जा सकता है।
2 min read
• •
Updated: 21 Sep 2018, 4:01 PM IST
s-400
जापान-अमरीका के बीच कई मुद्दों पर होगी चर्चा

वाशिंगटनः अमरीका ने रूस पर एक और प्रतिबंध लगाने की धमकी दी है। अमरीका का कहना है कि अगर कोई देश रूस से बड़ा सैन्य करार करता है तो उस पर भी प्रतिबंध लगाया जा सकता है। भारत-रूस के बीच s-400 ट्रायम्फ मिसाइल एयर डिफेंस सिस्टम्स खरीद को लेकर अमरीका की तरफ से बड़ा बयान आया है। अमरीका का कहना है कि S-400 की खरीद महत्वपूर्ण सौदा माना जाएगा इसलिए इस खरीद को रोकने के लिए प्रतिबंध भी लगाया जा सकता है। ट्रंप प्रशासन का यह बयान भारत और रूस के लिए अहम माना जा रहा है क्योंकि दोनों के बीच डील लगभग पक्की हो चुकी है। माना जा रहा है कि अक्टूबर में भारत-रूस समिट के दौरान इस समझौते पर अंतिम मुहर लग सकती है। बता दें कि S-400 ट्रायम्फ मिसाइल 40,000 करोड़ में भारत रूस से खरीद रहा है।
S-400 डील से क्यों परेशान है अमरीका ?
दरअसल अमरीका चाहता है कि भारत रूस से S-400 की डील न करे। लेकिन भारत और रूस इस समझौते को हर हाल में पूरा करना चाहते हैं। भारत इस समझौते को लेकर अमरीका से प्रतिबंध में ढील में देने की अपील भी कर चुका है। लेकिन अमरीका चाहता है कि भारत किसी भी सूरत में S-400 का सौदा रूस से न करे। अब सवाल उठता है कि आखिर S-400 में क्या खासियत है जिसको लेकर अमरीका इतना चिंचित है। दरअसल अमरीका को चिंता है कि अगर यह सौदा हो गया तो इसका इस्तेमाल अमरीकी फाइटर जेट्स की स्टील्थ (गुप्त) क्षमताओं को परखने में किया जा सकता है। इसके अलावा भारत को अमरीकी जेट्स का डेटा भी मिल सकता है जो अमरीका के लिए खतरनाक साबित हो सकता है।

S-400 से पकड़ में आएंगी अमरीकी लड़ाकू विमान की कमियां
रक्षा विशेषज्ञों की मानें तो S-400 सिस्टम का इस्तेमाल अमरीकी लड़ाकू विमान से जुड़े रेडार ट्रैक्स की पहचान में भी किया जा सकता है। अमरीका के बेहतरीन लड़ाकू विमान F-35 भी S-400 से अछूता नहीं रह सकता। माना जा रहा है कि S-400 से अमरीकी जेट की कमियां भी पकड़ में आ सकेंगी। अमरीका को डर है अगर ऐसा हुआ तो आने वाले समय में भारत अमरीका से रक्षा खरीद में कम रूचि लेगा। साथ ही अमरीकी जेट की कमियों को दुश्मन देशों में लीक भी किया जा सकता है। लेकिन भारत का दावा है कि S-400 की खरीद के बाद वह ऐसा कुछ भी नहीं होने देगा जिससे कि अमरीका को कोई दिक्कत हो।

Published on: