अमरीका

आर्टिकल 370 हटने पर अमरीका ने दी यह प्रतिक्रिया, मुफ्ती-अब्दुल्ला की गिरफ्तारी पर जताई चिंता

अमरीकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मोर्गन ओर्टागस ने जारी किया बयान इस मामले से संबंधित सभी घटनाक्रमों पर करीब से नजर: अमरीका
2 min read
• •
Updated: 6 Aug 2019, 10:59 AM IST
trump

वाशिंगटन। भारत सरकार ने सोमवार को कश्मीर पर एक ऐतिहासिक कदम के तहत राज्य से अनुच्छेद 370 हटाने का फैसला किया। इस फैसले के बाद दो बार कश्मीर मुद्दे पर मध्यस्थता की पेशकश कर चुके अमरीका ने इस पर टिप्पणी की है। अमरीका ने सोमवार को कहा कि इस मामले से संबंधित सभी घटनाक्रमों पर करीब से नजर बनाए हुए है।

अमरीकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता का बयान

अमरीका भारत और पाकिस्तान के अगले कदम पर नजर रखे हुए है। अमरीका ने भारत सरकार द्वारा अनुच्छेद 370 को हटाए जाने के बाद जारी किए एक बयान में सभी पक्षों से नियंत्रण रेखा (LoC) पर शांति और स्थिरता बनाए रखने की अपील की। सोमवार को अमरीकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मोर्गन ओर्टागस ने इस संबंध में बयान जारी किया। उन्होंने सीधे पाकिस्तान का नाम लिए बिना ही कहा. 'हम नियंत्रण रेखा पर सभी पक्षों से शांति और स्थिरता बनाए रखने की अपील करते हैं।'

भारत के फैसले पर लिया संज्ञान

वहीं, जब ओर्टागस से जम्मू कश्मीर के विशेष राज्य के दर्जे को खत्म करने से संबंधित सवाल किया गया तो उन्होंने जवाब में दावा किया, 'हम जम्मू-कश्मीर से जुड़ी सभी घटनाओं पर करीब से नजर बनाए हुए हैं। साथ ही, हमने भारत की ओर से जम्मू कश्मीर के संवैधानिक दर्जे में संशोधन की घोषणा और राज्य को दो केन्द्रशासित प्रदेशों में बांटने की पेशकश को भी संज्ञान में लिया है।

मुफ्ती-अब्दुल्ला की गिरफ्तारी पर चिंता

US विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा जम्मू कश्मीर में हुई कार्रवाई को भारत ने 'पूरी तरह से आंतरिक मामला' बताया है। लेकिन उन्हें जम्मू कश्मीर में मानवाधिकारों के कथित उल्लंघन की चिंता है। प्रवक्ता ने कहा,'हम हिरासत (जम्मू कश्मीर में) की खबरों पर चिंतित हैं। हम लोगों के अधिकारों के सम्मान और प्रभावित समुदायों से बातचीत की अपील करते हैं।' बता दें कि जम्मू-कश्मीर पर इस बड़े फैसले से पहले राज्य के दो पूर्व मुख्यमंत्रियों महबूबा मुफ्ती और उमर अब्दुल्ला को नजरबंद किया गया था। इसके साथ ही आर्टिकल 370 हटाने की घोषणा के बाद शांतिभंग करने की आशंका में दोनो सीएम को गिरफ्तार किया गया है।

विश्व से जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर Like करें, Follow करें Twitter पर ..

Updated on:
6 Aug 2019, 10:59 AM IST
Published on:
Also Read
View All