अमरीका के वर्जीनिया वेस्‍ट में एक 21 साल के शख्‍स केनी बैकमैन ने अपने दोस्‍तों के साथ पार्टी करने के बाद घर जाने के लिए उबर कैब बुलाई थी।
वर्जीनिया : अमरीका से एक ऐसी आई खबर आई है, जिस पर यकीन करना तो मुश्किल है, लेकिन है सच। वर्जीनिया वेस्ट में एक शख्स को उबर कैब के ड्राइवर ने 1635 डॉलर यानी करीब 1 लाख 6 हजार रुपए का बिल थमा दिया है। बिल देखकर उसकी हालत यह हो गई है कि उसे बिल चुकाने के लिए चंदा मांगना पड़ रहा है।
नशे के आलम में कैब में सो गया
अमरीका के वर्जीनिया वेस्ट में पिछले शुक्रवार को एक 21 साल के शख्स केनी बैकमैन ने अपने दोस्तों के साथ पार्टी करने के बाद घर जाने के लिए उबर कैब बुलाई थी। पार्टी खान पान के साथ पीने पिलाने का दौर भी चला था, इसलिए वह नशे में था और काफी थक गया था। इस वजह से कैब में बैठते ही उसे गहरी नींद आ गई। जब वह जगा तब तक वह करीब 500 किलोमीटर का सफर तय कर चुका था।
वर्जिनिया वेस्ट यूनिवर्सिटी जाने के लिए पकड़ी थी कैब, पहुंच गया न्यू जर्सी
केनी ने व़र्जीनिया वेस्ट में पार्टी कर वर्जिनिया वेस्ट यूनिवर्सिटी कैंपस जाने के लिए कैब पकड़ी थी। लेकिन जब केनी की आंखें खुलीं, तो वह यूनिवर्सिटी कैंपस से लगभग 500 किलोमीटर दूर न्यू जर्सी के करीब गुलुस्टर काउंटी पहुंच चुका था। केनी ने बताया कि जब वह जगा तो वह कुछ अजनबियों से घिरा था। संभावना जताई जा रही है कि चूंकि केनी न्यू जर्सी का रहने वाला है, इसलिए शराब के नशे में उसने वेस्ट वर्जिनिया यूनिवर्सिटी कैंपस के बजाए अपने होम टाउन न्यू जर्सी जाने के लिए एंट्री कर दी होगी। केनी के सामने अब समस्या ये आ रही है कि 1 लाख 6 हजार रुपये का भारी भरकम बिल का भुगतान कैसे करे?
उबर ने भी की पुष्टि
जब कैब कंपनी से इस बारे में पूछा गया, तो उसने भी इस खबर की पुष्टि की। उसने बताया कि कैब ड्राइवर ने केनी को वहीं उतारा, जहां उसने उतारने को कहा था। हैरानी की बात तो यह है कि राइड खत्म होने के बाद भी केनी ने नशे की हालत में ड्राइवर को फाइव स्टार रेटिंग दे दी।