
इंडियाना। अमरीकी राष्ट्रपति चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी के सबसे ताकतवर दावेदार डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर चीन पर जोरदार हमला बोला है। ट्रंप ने कहा कि चीन अमरीका का रेप कर रहा है लेकिन अब वह इसे लम्बे समय तक जारी नहीं रख सकता है। ट्रंप ने कहा कि राष्ट्रपति बनने के बाद चीन को तरीके से हैंडल करेंगे।
चीन कर रहा अपनी करेंसी के साथ चालाकी से हेरफेर
ट्रंप रविवार को चीन के साथ हुए व्यापार घाटे की तुलना कर रहे थे। जिसके बाद ट्रंप चीन पर जमकर बरसे। चीन पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि हमलोग चीन को लगातार अमरीका के रेप की अनुमति नहीं दे सकते। वे हमारे साथ क्या कर रहे हैं। ट्रंप ने यह बात रविवार को इंडियाना में एक रैली को संबोधित करते हुए कही। ट्रंप ने कहा कि चीन का निर्यात अमेरिका के मुकाबले ज्यादा है। रिपब्लिकन डॉनल्ड ट्रंप चीन को लगातार टारगेट करते रहे हैं। उनका कहना है कि चीन अपनी करंसी में चालाकी के साथ हेरफेर करता है ताकि ग्लोबल मार्केट में निर्यात के मोर्चे पर वह सबसे आगे रहे। ट्रंप ने कहा कि चीन अमेरिकी ट्रेड की हत्या कर रहा है।
चीन से हमलोग चौतरफा पिछड़ रहे हैंः ट्रंप
2016 के राष्ट्रपति चुनाव में रविवार को ट्रंप ने पहली बार चीन के लिए रेप शब्द का इस्तेमाल किया। वह अमरीकी ट्रेड पर चीन के भारी पड़ने से बुरी तरह खफा हैं। ट्रंप ने कहा कि हमलोग चौतरफा पिछड़ रहे हैं लेकिन हमारे पास कार्ड्स हैं, इसे भूलना नहीं चाहिए। हम किसी गुल्लक की तरह हो गए हैं जिसे लूट लिया जा रहा है। हमारे पार्स कार्ड्स हैं। हमारे पास चीन से ज्यादा ताकत है। उन्होंने कहा कि चीन और अमेरिका का संबंध के रेप करने वाला और रेप पीड़िता की तरह है।
पहले भी चीन के बारे में दे चुके हैं ऐसा बयान
अपने गुस्सा पर थोड़ा नियंत्रण करते हुए ट्रंप ने कहा कि मैं चीन को लेकर गुस्से में नहीं हूं लेकिन अमेरिकी नेताओं ने अपनी सामर्थ्य खो दी है और वे नकारे हो गए हैं। इससे पहले ट्रंप ने 2011 में कहा था, चीन हमारे देश का रेप कर रहा है। उन्होंने तब यह बात न्यू हैम्पशर में अमेरिकी मैन्युफैक्चर के समर्थन में कही थी।
महिला कार्ड का इस्तेमाल कर रही हिलरी क्लिटंन
ट्रंप ने चीन के लिए इस उपमा का प्रयोग तब किया है जब वह डेमोक्रेटिक पार्टी की टॉप दावेदार हिलरी क्लिंटन पर सेक्सिस्ट हमले को लेकर वह बुरी तरह से घिरे हुए हैं। इस बीच ट्रंप ने अपने समर्थन में बॉक्सर माइक टाइसन को भी उतारा। जाहिर है टाइसन को इंडियाना में रेप के मामले में दोषी ठहराया जा चुका है। ट्रंप ने कहा था कि पूर्व विदेश मंत्री हिलरी क्लिंटन महिला कार्ड का इस्तेमाल कर रही हैं। उन्होंने कहा था कि हिलरी खुद के महिला होने का इस्तेमाल वोट बैंक बनाने में कर रही हैं। ट्रंप के मुताबिक यदि वह महिला नहीं होतीं तो उन्हें कोई नहीं पूछता।