UP Crime: अमेठी के शुकुलबाजार में एक युवक शाहिद की उसके ही पूर्व सालों ने हत्या कर दी। शाहिद ने तीन साल पहले प्रेम विवाह किया था लेकिन बाद में ...
UP Crime: उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में प्यार, धोखा और बदले की एक ऐसी वारदात सामने आई है जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है। शुकुलबाजार थाना क्षेत्र में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक का शव रहमतगढ़ के पास संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। परिजनों के मुताबिक यह हत्या मृतक के सालों ने अपने साथियों के साथ मिलकर की है। पुलिस ने मामले में तत्परता दिखाते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक शुकुलबाजार निवासी शाहिद ने करीब तीन साल पहले अपने परिवार की मर्जी के खिलाफ साबिया नाम की युवती से प्रेम विवाह किया था। निकाह के बाद शाहिद अपनी पत्नी को लेकर मुंबई चला गया और वहां साथ रहने लगा। लेकिन कुछ समय बाद रिश्तों में दरार आ गई। आरोप है कि शाहिद अपनी पत्नी साबिया को मुंबई में अकेला छोड़कर गुपचुप तरीके से अपने घर वापस आ गया।
जब साबिया अपने पति को खोजते हुए ससुराल पहुंची तो शाहिद ने उसे साथ रखने से साफ इनकार कर दिया। जानकारी के मुताबिक शाहिद और उसके परिवार ने साबिया के साथ मारपीट की और उसे घर से बाहर निकाल दिया। बेसहारा साबिया ने अपने मायके पहुंचकर भाइयों को आपबीती सुनाई। हालांकि बाद में साबिया का निकाह दूसरी जगह कर दिया गया लेकिन बहन के साथ हुए इस अपमान और धोखे की टीस उसके भाइयों के मन में घर कर गई थी।
परिजनों और गांव वालों के मुताबिक बहन के साथ हुए व्यवहार का बदला लेने के लिए भाइयों ने शाहिद को मार डालने का मन बना लिया था। सोमवार को शाहिद का शव रहमतगढ़ इलाके में लहूलुहान हालत में मिला। परिजनों ने तत्काल साबिया के भाइयों और उनके करीबियों पर हत्या का शक जताया। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी।
अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दबिश देकर चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियारों और साजिश का खुलासा किया जा सके। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात है। पुलिस के अनुसार सबूत के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।