
अमेठी. शनिवार 18 दिसंबर को कांग्रेस के पूर्व विधायक व अमेठी के पूर्व सांसद राहुल गांधी अपनी बहन व यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी के साथ एक दिवसीय दौरे पर अमेठी आ रहे हैं। वह करीब तीन साल बाद अमेठी आ रहे हैं। यहां वह भाजपा को हटाने के लिए 'प्रतिज्ञा पदयात्रा' में शामिल होंगे। राहुल और प्रियंका का अमेठी दौरा जिले के कांग्रेसियों के लिए संजीवनी साबित हो सकता है। राहुल और प्रियंका के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी तैयारी में जुट गए हैं।
इस तरह होगा कार्यक्रम
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी जगदीशपुर से हारीमऊ गांव तक छह किलोमीटर की पदयात्रा करेंगे। 18 दिसंबर की सुबह वह अमौसी एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद सड़क मार्ग से अमेठी जाएंगे। वे यहां आरक्षित विधानसभा सीट जगदीशपुर के रामलीला मैदान से हारीमऊ गांव तक मोदी सरकार की नीतियों के विरोध में आयोजित करीब छह किलोमीटर की पदयात्रा में हिस्सा लेंगे। पदयात्रा के समापन स्थल हारीमऊ में वे एक सभा को भी संबोधित करेंगे।
15 सालों तक अमेठी सांसद रहे राहुल गांधी
राहुल गांधी 2019 के लोकसभा चुनाव में हारने के बाद दूसरी बार अमेठी आ रहे हैं। वह यहां 15 सालों तक सांसद रहे हैं।