
अमेठी. 2019 चुनाव से पहले राहुल गांधी के सांसदीय क्षेत्र अमेठी का पिंडारा ठाकुर गांव जल्द ही डिजिटल गांव के रूप में अपनी पहचान बनाने जा रहा है। आगामी 1 सितंबर यानी शनिवार को अमेठी के एक दिवसीय दौर पर आ रही केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी जिले के पहले पिंडारा ठाकुर गांव को डिजिटल गांव बनाने की शुरुआत करेंगी।
पिंडारा ठाकुर गांव का एक डिजिटल गांव के रूप में विकसित होने को लेकर ग्रामीणों में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है। पिंडारा ठाकुर गांव के कॉमन सर्विस सेन्टर की संचालिका ने बताया कि स्मृति ईरानी के प्रयास से पिंडारा ठाकुर गांव एक डिजिटल गांव बनने की ओर अग्रसर है, जहां सरकारी तंत्र से जुड़ी सभी डिजिटल सुविधाएं लोगों के लिए उपलब्ध होंगी, जो कि ग्रामीणों के लिए बहुत ही फायदेमंद साबित होगा।
कैशलेस प्रणाली पूरी तरह अपनाई जाए-
वहीं ग्रमीणों ने बताया की हमारा गांव डिजिटल हो जाएगा और इससे हमारे गांव के लोगों को बहुत फायदा होगा। साथ में हम लोगों को अब हमारे ही गांव में सारी सुविधाए मिल जाएंगी। ओपी तिवारी, क्षेत्रीय प्रबंधक बड़ौदा पूर्वी ग्रामीण बैंक, से बात की गई तो उन्होंने बताया कि नोटबंदी के बाद सरकार की ओर से लगातार प्रयास किया जा रहा है कि कैशलेस प्रणाली पूरी तरह अपनाई जाए। अमेठी जिले की 58 शाखाओं के साथ 126 वीसी प्वाइंट संचालित हैं। बैंको में तो सिर्फ़ 10से 04 बजे तक ही लेन देन होता है, जबकि हमारा वीसी पॉइंट 24 घंटे खुला रहता है। जिसमें किसानों को किसी भी समय 10000 तक की धनराशि प्राप्त करने की सुविधा प्रदान की जाती है। हमने प्रत्येक परिवार के खाते खोल रखे हैं जिसमें 10 वर्ष की आयुवर्ग से ऊपर के सभी लोगों के खाते खुल गए हैं। उन्होंने आगे बताया कि जैसे पहले स्विट्जरलैंड में 70 प्रतिशत लोग कैशलेस प्रणाली अपनाते थे, ठीक वहीं सपना भारत के लिए देखा जा रहा है। यह लोगों के लिए वरदान साबित होगा क्योंकि लोग बैंकों में 2 से 4 घण्टे लाइन में लगकर अपना समय नष्ट करते हैं। जबकि टाइम इज मनी अर्थात समय ही धन है।
एक छत की नीचे दी जाएंगी सारी सुविधाएं-
इस पूरे मामले पर सीएचसी के स्टेट प्रोजेक्ट मैनेजर ने बताया कि डिजिटल सेवा के जरिए हम एक ही छत के नीचे ग्रामीणों को बहुत सारी सुविधाएं मुहैया कराएंगे। इसके साथ अगरबत्तियां बनाने और पेपर प्लेट बनाने का प्रोजेक्ट भी चल रहा है जिससे यहाँ की महिलाओं को रोजगार भी मिल रहा है। जिले के मुसाफिरखाना तहसील के 49 गाँव को वाई फाई से जोड़ दिया है। इस तरह की तमाम योजना है, जिसके तहत समूचे जनपद को लाभ मिलेगा।