यूपी पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत कबाड़ कारोबारी का अपहरण करने वाले इस्लाम उर्फ मच्छर को हाफ एनकाउंटर के दौरान गिरफ्तार किया है। इस पर 50 हजार का इनाम था। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी गोंडा जिले का रहने वाला है।
अमेठी में पुलिस ने ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश मो. इस्लाम उर्फ मच्छर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर कबाड़ व्यापारी के अपहरण और फिरौती लेने का आरोप है। मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया।
अमेठी जिले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। देर रात मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के दौरान पुलिस ने 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश मो. इस्लाम उर्फ मच्छर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई। जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई मुसाफिरखाना क्षेत्र के इसौली मोड़ के पास चेकिंग के दौरान हुई। पुलिस टीम इलाके में संदिग्ध लोगों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मो. इस्लाम के आने की सूचना मिली। जब पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की तो उसने भागने का प्रयास किया और पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लग गई। जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा और मौके पर ही पकड़ा गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी गोंडा जिले का रहने वाला है। उस पर बीते 10 फरवरी को मुसाफिरखाना थाना क्षेत्र में कबाड़ कारोबारी रमन अग्रहरि का अपहरण करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर कारोबारी को उसकी गाड़ी समेत अगवा कर लिया था। बाद में उसे छोड़ने के बदले आठ लाख रुपये से अधिक की फिरौती ली गई थी। इस मामले में पुलिस पहले ही कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। जबकि मो. इस्लाम घटना के बाद से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि 12 मार्च की सुबह करीब 3 बजे थाना प्रभारी मुसाफिरखाना ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत सहुली रोड पर चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि इस्लाम उर्फ मच्छर जनपद गोंडा के अंबेडकर कॉलोनी का रहने वाला है। अमेठी पुलिस द्वारा कबाड़ कारोबारी की हत्या के मामले में उस पर 50 हजार का इनाम है। सहुली रोड पर आने की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की तो इसने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी है। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।