26 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

फोन कर बुलाया… पकड़कर तलवार से सिर, चेहरे और गले पर किए ताबड़तोड़ वार, निकाह की जिद ने ली युवक की जान

अमेठी में हुई युवक की हत्या ने पूरे इलाके को दहला दिया है। आरोपियों ने पहले उसे रात में मिलने के लिए बुलाया, फिर पकड़कर सिर, चेहरे और गले पर तलवार से ताबड़तोड़ हमले कर दिए। इसके बाद शव को नाले किनारे झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए ।

2 min read
Google source verification

अमेठी

image

Aman Pandey

Feb 26, 2026

अमेठी के बाजारशुकुल कस्बे में हुए 23 वर्षीय शाहिद की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। तलाकशुदा पत्नी से दोबारा निकाह करने की कोशिश की वजह से उसकी हत्या की गई।

पुलिस के मुताबिक, मंगलवार सुबह इंटर कॉलेज मार्ग पर एक पुलिया के पास झाड़ियों में शव मिला। उसकी पहचान बाजारशुकुल कस्बा निवासी टेंट कारोबारी शरीफ के बेटे शाहिद के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर, चेहरे और गले पर 7 गहरे चोट पाए गए। शक के आधार पर, मवैया रहमतगढ़ के सुहेल, उसके साथी अभिषेक और एक बाल अपचारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

तालाक के बाद बना रहा था निकाह का दबाव

सुहेल ने स्वीकार किया कि 2021 में शाहिद और उसकी बहन के बीच प्रेम संबंध बन गए। इसके बाद दोनो मुंबई चले गए। बाद में लौटे तो दोनों का निकाह हुआ। कुछ समय बाद दोनों में मतभेद होने लगे और तलाक हो गया। 2023 में बहन का दूसरा निकाह संपन्न हुआ। इसके बाद भी शाहिद लगातार संपर्क करता रहा और दोबारा निकाह करने का दबाव बनाता रहा।

इसी बात से आक्रोशित होकर मैंने उसकी हत्या की साजिश रची। सोमवार रात करीब 8 बजे शाहिद को फोन कर गैस एजेंसी के पास बुलाया। वहां पहले से ही अभिषेक और एक अन्य साथी मौजूद थे। जैसे ही शाहिद वहां पहुंचा, सुहेल और दूसरे नाबालिग ने उसे पकड़ लिया। अभिषेक ने तलवार से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को नाले के पास झाड़ियों में फेंक कर फरार हो गए।

मोबाइल बना सुराग

पुलिस ने जब शाहिद की आखिरी कॉल डिटेल निकाली तो नंबर सुहेल का मिला। मोबाइल लोकेशन भी एक ही जगह पर पाई गई। पूछताछ में पता चला कि सुहेल ने अभिषेक और नाबालिग को मोबाइल और पैसे का लालच देकर वारदात में शामिल किया था। अभिषेक सुहेल की सब्जी की दुकान पर काम करता था, जबकि नाबालिग हाईस्कूल का छात्र है।

पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार किया

बुधवार सुबह तीनों आरोपी बाइक से भागने की कोशिश कर रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। सुहेल और अभिषेक को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। वहीं, नाबालिग को किशोर न्यायालय के आदेश पर बाल सुधार गृह भेजा गया।