
EVM Controversy: आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस ने EVM का इस्तेमाल शुरू किया था, तब पार्टी को ये मशीनें अच्छी लगती थीं, लेकिन अब चुनाव हारने पर उसी मशीन पर सवाल उठाए जा रहे हैं। नायडू ने कहा कि किसी भी चीज की आलोचना करने से पहले सभी को सोच-विचार करना चाहिए।
बता दें कि अमरावती में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि उन्होंने देश में कई सरकारों को देखा है। उन्होंने दावा किया कि जब कांग्रेस ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों की शुरुआत की थी, तब उन्हें लेकर पार्टी का रुख सकारात्मक था। नायडू ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब कांग्रेस ने EVM शुरू की थी, तब मशीनें बहुत अच्छी थीं। अब जब आप चुनाव हार रहे हैं, तो उसी इलेक्ट्रॉनिक मशीन को दोष दे रहे हैं। आप इसे कैसे सही ठहरा सकते हैं?
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी मुद्दे पर आलोचना करने से पहले सभी को सोच-विचार करना चाहिए। उनका बयान EVM की विश्वसनीयता और चुनावी नतीजों को लेकर कांग्रेस की ओर से उठाए जाने वाले सवालों के संदर्भ में आया है। EVM को लेकर देश में राजनीतिक दलों के बीच लंबे समय से बहस होती रही है। जहां कुछ विपक्षी दल चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर सवाल उठाते रहे हैं, वहीं चुनाव आयोग EVM के इस्तेमाल और चुनाव प्रक्रिया का बचाव करता रहा है।
गौरतलब है कि कांग्रेस ने हाल ही में EVM और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर अपना विरोध तेज किया था। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) की बैठक में आरोप लगाया कि चुनावों में EVM और मतदाता सूचियों के जरिए ‘मैच फिक्सिंग’ हो रही है। उन्होंने पार्टी नेताओं से सड़कों से लेकर संसद तक विरोध जारी रखने की अपील की। इसके बाद कांग्रेस ने चुनावी पारदर्शिता का हवाला देते हुए बैलेट पेपर से मतदान कराने की मांग भी दोहराई।