
ट्रिपल खुदखुशी मामले में नया मोड़ (Representational Photo)
आंध्र प्रदेश (Andhra Pradesh) के काकीनाड़ा (Kakinada) जिले में एक परिवार के तीन सदस्यों की खुदकुशी (Triple Suicide) के मामले में नया मोड़ आ गया। मरने से पहले सौजन्या ने पांच पन्नों का सुसाइड नोट छोड़ा था, जिसमें उसने आरोप लगाया कि शूटिंग कोच शेख सादिक खान ने उसके पति को मारा, फिर उसे लगातार प्रताडि़त किया, धर्म परिवर्तन का दबाव डाला और बेटे को अगवा कर आतंकियों को बेचने की धमकी दी। पुलिस ने 10 विशेष टीमें बनाकर पांच राज्यों में उसे ढूंढा और मेरठ से गिरफ्तार कर लिया है। ट्रांजिट वॉरंट पर काकीनाड़ा लाने के बाद अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पिछले दिनों पिठापुरम में कार्यरत असिस्टेंट इंजीनियर 61 वर्षीय थिल्लापुडी नूकाराजू, उसकी पत्नी 58 वर्षीय मीना और 38 वर्षीय बेटी सौजन्या ने रेल पुल से गोदावरी नदी में छलांग लगाकर खुदकुशी कर ली थी। सौजन्या का 10 वर्षीय पुत्र रियांश तैरकर खुद को बचाने में कामयाब रहा था। करीब 20 मिनट बाद उसे मछुआरों ने बचाकर बाहर निकाल लिया, लेकिन नूकाराजू, मीना और सौजन्या की मौत हो गई। जांच में नूकराजू और सौजन्या का सुसाइड नोट मिला। काकीनाड़ा के एसपी बिंदु माधव के अनुसार दोनों में सादिक का नाम सामने आया।
कुछ समय पहले सौजन्या के ससुर भास्कर रेड्डी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि 2 जुलाई को उसके बेटे जगदीश रेड्डी (सौजन्या के पति) की मौत नेचुरल नहीं थी। उसने दावा किया कि सादिक ने जहरीला इंजेक्शन देकर उसके बेटे की हत्या की थी। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने सादिक के खिलाफ हत्या की एक नई एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि आरोपों को ठोस सबूतों से जोडऩे के बाद ही चार्जशीट दाखिल की जाएगी।
पुलिस को कार से तीन लिफाफे मिले। इनमें एक पत्र सौजन्या का लिखा हुआ था, जिसमें उसने आरोप लगाया कि पहले सादिक ने भरोसा जीता और फिर निजी जानकारी का इस्तेमाल कर डरा-धमका कर ब्लैकमेल करने लगा। उसने धोखे से उसके बैंक लॉकर की चाबियाँ, मोबाइल और संपत्ति का ब्यौरा हासिल कर लिया था। सौजन्या के पिता नूकाराजू ने भी सुसाइड से पहले कलेक्टर और एसपी के नाम पत्र लिखा और अपने साथियों को इसे वॉ ट्सऐप पर भेजा। नोट में बताया कि दामाद की मौत के बाद सादिक ने मदद के बहाने घर में बैठ बनाई और बाद में परिवार को डराने-धमकाने लगा।
सौजन्या ने दावा किया था कि सादिक ने उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया। उस पर इस्लाम कबूल करने और इस्लामी किताबें पढकऱ रोजाना नोट्स बनाने का दबाव डाला जाता था। सौजन्या ने लिखा कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट करता था और परिवार को जान से मारने की धमकी देता था।
मामले पर राजनीतिक विवाद भी तेज हो गया है। वाईएसआर कांग्रेस (YSR Congress) की पूर्व सांसद विजयसाई रेड्डी ने इसे ‘लव जिहाद’ (Love Jihad) की साजिश बताया है। बीजेपी (BJP) ने भी प्रदर्शन कर आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग की है। हालांकि इन राजनीतिक आरोपों की भी पुलिस ने पुष्टि नहीं की है।
Updated on:
26 Aug 2026 05:42 am
Published on:
26 Aug 2026 05:42 am
