
अमरोहा के डिडौली कोतवाली क्षेत्र में एक पुलिस सिपाही ने अपनी तेज रफ्तार कार से दो लोगों को कुचल दिया। हादसे के बाद कार का एक टायर पूरी तरह बाहर निकल गया, लेकिन आरोपी सिपाही ने गाड़ी नहीं रोकी और कार को हाईवे पर दौड़ाता रहा।
मिली जानकारी के मुताबिक, डिडौली कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले अमित बीती देर रात अपने परिवार के साथ जोया से घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर नशे में धुत सिपाही की कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। कार की टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो लोग गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
चश्मदीदों के मुताबिक, हादसे के बाद रुकने और घायलों की मदद करने के बजाय आरोपी सिपाही ने कार की रफ्तार और बढ़ा दी। एक्सीडेंट की वजह से कार का एक टायर निकल कर अलग हो चुका था, इसके बावजूद वह तीन पहियों पर ही रगड़ खाती गाड़ी को नेशनल हाईवे पर भगाता रहा। इस मंजर को देखकर हाईवे पर गुजर रहे अन्य राहगीर भी सन्न रह गए।
देर रात हुए इस हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपी सिपाही और उसकी क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ कानून के तहत सख्त वैधानिक और विभागीय कार्रवाई की जा रही है।
खबर अपडेट की जा रही है