7 जुलाई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अमरोहा में शादी से लौट रहे युवक पर जानलेवा हमला, CCTV में कैद हुई वारदात; आरोपी फरार

Amroha News: अमरोहा के बछरायूं थाना क्षेत्र में शादी समारोह से लौट रहे एक युवक पर कार सवार युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। यह पूरी वारदात CCTV में कैद हो गई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
2 min read
Google source verification
amroha cctv deadly attack on youth after wedding

अमरोहा में शादी से लौट रहे युवक पर जानलेवा हमला (Image- Video Grab)

Amroha News Today:अमरोहा जनपद के बछरायूं थाना क्षेत्र के शरीकपुर गांव में एक युवक पर हुए जानलेवा हमले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। बताया जा रहा है कि युवक शादी समारोह से अपने घर लौट रहा था, तभी रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे कुछ युवकों ने उसकी बाइक को रोक लिया। इसके बाद हमलावरों ने युवक को जबरन नीचे उतार कर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस पूरी घटना का वीडियो पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

कार सवार 7-8 युवकों ने की मारपीट

जानकारी के अनुसार, यह घटना 4 जुलाई की बताई जा रही है। आरोप है कि कार में सवार 7 से 8 युवकों ने युवक की बाइक को रास्ते में रोक लिया। इसके बाद सभी आरोपियों ने मिलकर युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने युवक को लाठी-डंडों से गंभीर रूप से घायल कर दिया। मारपीट के बाद आरोपी घायल युवक को सड़क किनारे खाई में छोड़कर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

CCTV फुटेज वायरल होने से मामले ने पकड़ा तूल

घटना के बाद सामने आया सीसीटीवी वीडियो पूरे मामले का सबसे अहम सबूत माना जा रहा है। वायरल फुटेज में कुछ लोग युवक के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में घटना को लेकर आक्रोश देखा जा रहा है। स्थानीय नागरिक आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं ताकि कानून व्यवस्था पर लोगों का विश्वास बना रहे।

7 नामजद आरोपियों के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा

पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने सात नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। हालांकि घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी होनी चाहिए ताकि उन्हें न्याय मिल सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

पुलिस ने गिरफ्तारी के लिए तेज किए प्रयास

मामले को लेकर बछरायूं थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि घटना से जुड़े सभी तथ्यों की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।