अमरोहा

महिला सिपाही को गोली मारकर पुलिसकर्मी ने खुद को भी गोली मारी, दोनों की हालत नाजुक

Highlights - अमरोहा जिले के थाना गजरौला क्षेत्र की घटना - दोनों पुलिकर्मियों को हायर सेंटर किया गया रेफर - एक साथ किराए के मकान में रहते हैं दोनों पुलिसकर्मी

less than 1 minute read
Feb 01, 2021
amroha.jpg

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
अमरोहा. थाना गजरौला क्षेत्र में एक सिपाही द्वारा महिला सिपाही को गोली मारने के बाद खुद को भी गोली मारने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि डायल 112 पर तैनात एक सिपाही ने पहले साथी महिला सिपाही को गोली मार दी। उसके जमीन पर गिरते ही सिपाही ने खुद को भी गोली मार ली। गोली लगने से दोनों बुरी तरह से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। फिलहाल दोनों को गंभीर हालत में मुरादाबाद रेफर कर दिया गया है। जहां एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, अमरोहा जिले की गजरौला कोतवाली क्षेत्र में डायल 112 पर तैनात सिपाही मनोज का साथी महिला सिपाही से प्रेम प्रसंग था। बताया जा रहा है कि दोनों पुलिसकर्मियों की ड्यूटी अलग-अलग थाना क्षेत्रों में है, लेकिन प्रेम प्रसंग के चलते दोनों पुलिसकर्मी अवंतिका नगर में किराए के कमरे में साथ ही रहते हैं। दोनों के बीच रविवार को किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी कहासुनी के बीच मनोज ने साथी महिला सिपाही को गोली मार दी। जैसे ही महिला सिपाही जमीन पर गिरी तो मनोज ने सुसाइड करने के उद्देश्य से खुद को भी गोली मार ली।

घटना के संबंध में एसपी सुनीति ने बताया कि दोनों सिपाही किराए के कमरे में एक साथ रहते हैं। दोनों सिपाही 2018 बैच के हैं। उन्होंने बताया कि दोनों को गंभीर हालत में मुरादाबाद के हायर सेंटर में रेफर किया गया है। जहां दोनों का उपचार चल रहा है। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Published on:
01 Feb 2021 01:30 pm