अमरोहा में कांवड़ियों पर पथराव का मामला सामने आया है। महाशिवरात्रि पर जलाभिषेक के लिए शिव मंदिर पर रुके कांवड़ियों पर मामूली कहासुनी के बाद दूसरे समुदाय के युवकों ने हमला कर दिया। इसमें सिपाही समेत पांच लोग घायल हो गए। तनाव को देखते हुए पुलिस फोर्स तैनात किया गया है।
अमरोहा के मोहल्ला छेबड़ा से कई लोग महाशिवरात्रि पर जलाभिषेक के लिए हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौटे थे। रविवार को सभी कांवड़िये शिव मंदिर पर रुके थे। मंदिर के पास ही दूसरे समुदाय के युवक रास्ते पर जन्मदिन सेलिब्रेट कर रहे थे।
आरोप है कि इनमें से कुछ युवकों ने आपत्तिजनक टिप्पणी की तो कांवड़ियों ने विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। इसके बाद दूसरे समुदाय के युवकों ने बड़ी संख्या में लोगों को इकट्ठा कर कांवड़ियों पर पथराव शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस के सामने भी पथराव जारी रहा।
इस दौरान बीच-बचाव कर रहे कांस्टेबल शोएब रजा खान सिर में पत्थर लगने से लहूलूहान हो गए। वहीं, विद्या देवी और शिखर समेत अन्य चार लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मौके से एक स्कूटी भी कब्जे में ली है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। जल्दी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
घटना के बाद से शहर में तनाव की स्थिति बनी हुई है। गांव में पुलिस बल तैनात किया गया। वही, हिंदू समुदाय के लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाली में प्रदर्शन किया है। बताया गया है कि घटना के दो घंटे बाद भी इंस्पेक्टर समेत पुलिस के आलाधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे थे।