अनूपपुर

दोपहर 3:30 बजे मस्ती कर रहा बच्चा अचानक नदी में समाया, अनूपपुर में छोड़ गया रोता परिवार, 3 घंटे बाद मिला शव

Boy Drowned- अनूपपुर में केवई नदी में नहाने गया 12 साल का शिवम की डूबने से मौत। तीन घंटे की मशक्कत के बाद मिला शव।
2 min read
Jun 28, 2026
12 year old boy drowned in kewai river while playing
Boy Drowned in Kewai River- अनूपपुर में केवई नदी में डूबने से 12 साल के बच्चे की मौत (फोटो सोर्स- Patrika)

Boy Drowned in Kewai River- मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में 12 साल का बच्चा मस्ती करते-करते अचानक नदी में समा गया। घर से पिकनिक और नहाने का बोलकर निकला शिवम अब कभी वापस घर नहीं पहुंच पाएगा। नदी में खेलते-खेलते वह इस तरह पानी में घुम हो गया कि तीन घंटे तक उसका शरीर नहीं मिला। वह अपने पीछे रोते-बिलखते माता-पिता छोड़ गया है।

दरअसल, जिले के भालूमाड़ा थाना क्षेत्र के केवई नदी पंप घाट पर रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय बालक की नदी में डूबने से मौत हो गई। करीब तीन घंटे तक चले सर्च अभियान के बाद स्थानीय तैराकों और पुलिस की टीम ने बालक का शव नदी से बाहर निकाला। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

केवई नदी पर नहाने और पिकनिक मनाने गया था शिवम

जानकारी के अनुसार गेट दफाई निवासी शिवम् गुप्ता (12) पिता शोभनाथ गुप्ता दोपहर 12 बजे अपने चार-पांच दोस्तों के साथ केवई नदी पंप घाट पर नहाने और पिकनिक पर गया था। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते नदी में डूब गया। साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह पानी में लापता हो गया। इसके बाद बच्चों ने तत्काल घटना की जानकारी परिजनों को दी।

बच्चा नदी में डूबा तो सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस

सूचना मिलते ही भालूमाड़ा थाना प्रभारी उमेश उपाध्याय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय तैराकों और ग्रामीणों की मदद से नदी में सर्च अभियान शुरू किया गया। पुलिस और स्थानीय लोगों ने नदी में उतरकर तथा जाल लगाकर लगातार तलाश की। घटना की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के लोग नदी घाट पर पहुंच गए। भीड़ अधिक होने के कारण बचाव कार्य में बाधा उत्पन्न होने लगी, जिस पर प्रशासन ने लोगों को नदी किनारे से पीछे हटाया। इस दौरान कुछ देर हल्की बहस भी हुई।

तीन घंटे के सर्च ऑपरेशन के बाद मिला शव

करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस और स्थानीय तैराकों को शिवम् का शव नदी से बरामद करने में सफलता मिली। शव बाहर निकलते ही घटनास्थल पर मौजूद परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Published on:
28 Jun 2026 09:32 pm