17 जुलाई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

‘मेरा दोस्त डूब रहा…’ मौत से दोस्त को छीन लाया, खुद जिंदगी से हार गया आर्यन, अनूपपुर में हादसा

Student drowns to death: दोस्ती निभाने के लिए जलाशय में कूदा था आर्यन, दोस्त को बचा लिया लेकिन खुद जिंदगी से हार गया।
2 min read
Google source verification
Student drowns to death: एक छात्र की डूबने से मौत (Photo Source - Patrika)

Student drowns to death: एक छात्र की डूबने से मौत (Photo Source - Patrika)

Anuppur news: मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले बीते दिन दर्दनाक हादसे में 21 साल का आर्यन हमेशा के लिए दुनिया से चला गया। अपने ही दोस्त को बचाने के लिए आर्यन ने खुद की जान पर खेलकर दोस्त को बचा लिया लेकिन खुद दुनिया से चला गया। आर्यन की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। पूरे परिवार को रो-रोकर बुरा हाल है। हर कोई यही कह रहा है कि उसने दोस्ती निभाई लेकिन खुद जिंदगी से हार गया। पुलिस के अनुसार बिहार से परिजनों के पहुंचने के बाद शव परीक्षण की कार्रवाई कर शव उन्हें सौंपा जाएगा।

ये है पूरा मामला

जानकारी मिली है कि अमरकंटक स्थित पोड़की जलाशय में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसे में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय (आईजीएनटीयू) के एक छात्र की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान आर्यन कुमार (21) पिता सनोज कुमार, निवासी गया (बिहार) के रूप में हुई है। वह विश्वविद्यालय में पर्यटन प्रबंधन स्नातक (बीबीए टूरिज्म) द्वितीय वर्ष का छात्र था और छात्रावास आवंटन की प्रक्रिया के लिए अमरकंटक आया हुआ था।

गड्ढे में डाल रहा था पैर

थाना प्रभारी अमरकंटक एल.बी. तिवारी ने बताया कि घटना बुधवार शाम करीब 8 बजे के बीच हुई। आर्यन अपने दो दोस्तों के साथ पोड़की जलाशय घूमने गया था। इसी दौरान उसका साथी उदित राज जलाशय किनारे पानी की गहराई का अंदाजा लगाने के लिए गड्ढे में पैर डाल रहा था। अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। तैरना नहीं आने के कारण वह डूबने लगा।

साथी को संकट में देखकर आर्यन ने बोला मेरा दोस्त डूब रहा है और फिर बिना देर किए उसे बचाने के लिए पानी में कूद गया। उसने किसी तरह अपने मित्र को बाहर निकलने का मौका दे दिया लेकिन स्वयं गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना के बाद साथियों ने शोर मचाया, जिस पर स्थानीय लोगों ने तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी।

3 घंटे की मशक्कत के बाद मिला आर्यन

अमरकंटक पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय स्तर पर खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद अनूपपुर से एसडीआरएफ की टीम बुलाई गई। गोताखोरों ने करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद रात लगभग 11 बजे आर्यन का शव जलाशय से बाहर निकाला। शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमरकंटक के शवगृह में सुरक्षित रखा गया है। पुलिस के अनुसार बिहार से परिजनों के पहुंचने के बाद शव परीक्षण की कार्रवाई कर शव उन्हें सौंपा जाएगा। आज गुरुवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर और छात्र समुदाय में शोक का माहौल है।