3 जुलाई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कर्नाटक में MP के 2 मजदूरों की मौत, ग्रेनाइट खदान में गिरी थी चट्टान

Accidents in granite quarry: ग्रेनाइट खदान में हुए हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। जिसमें एमपी के मजदूरों की भी मौत हो गई है।
2 min read
Google source verification
Death of 2 workers: ग्रेनाइट खदान में गिरी चट्टान (Photo Source - Patrika)

Death of 2 workers: ग्रेनाइट खदान में गिरी चट्टान (Photo Source - Patrika)

Karnataka Granite Mine Accident: एमपी में अनूपपुर जिले के जैतहरी थाना क्षेत्र के दो श्रमिकों की कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में ग्रेनाइट खदान में हुए हादसे में दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में मातम छा गया। स्थानीय पुलिस और प्रशासन मृतकों के शव गृह जिले तक पहुंचाने की प्रक्रिया में जुट गए हैं।

जानकारी के अनुसार, भुवनेश्वर सिंह पिता छत्रधारी सिंह गोंड निवासी ग्राम सेमरवार, थाना जैतहरी तथा राजेश चौधरी पिता पतीलाल चौधरी निवासी ग्राम सिंघोरा, चौकी वेंकटनगर, थाना जैतहरी पिछले कुछ वर्षों से कर्नाटक के बेंगलुरु के मदापट्टना क्षेत्र स्थित एक ग्रेनाइट खदान में मजदूरी का कार्य कर रहे थे। गुरुवार को कार्य के दौरान अचानक चट्टान गिरने से दोनों उसकी चपेट में आ गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे में उनके साथ काम कर रहा गुलाब सिंह (27 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका उपचार चल रहा है।

शव सौंपने के लिए पुलिस ने भेजा पत्र

जैतहरी थाना क्षेत्र के वेंकटनगर पुलिस सहायता केंद्र द्वारा बेंगलुरु के तावरेकेरे पुलिस स्टेशन को पत्र भेजकर मृतक राजेश चौधरी का शव उनके परिचित रमेश पनिका को सौंपने का अनुरोध किया गया है। पत्र में मृतक के बड़े भाई अयोध्या प्रसाद चौधरी के आवेदन और ग्राम पंचायत सिंघोरा के प्रमाण-पत्र का उल्लेख करते हुए बताया गया है कि रमेश पनिका वर्षों से राजेश के साथ कार्य करता था तथा परिवार की सहमति से शव उसे सौंपे जाने पर किसी प्रकार की आपत्ति नहीं है। पुलिस सहायता केंद्र ने इस तथ्य का सत्यापन कर संबंधित थाना को पत्र प्रेषित किया है।

इधर, दोनों श्रमिकों की असामयिक मौत की खबर से सेमरवार और सिंघोरा गांव में शोक का माहौल है। परिजन शवों के गृहग्राम पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं। प्रशासनिक स्तर पर शवों को जल्द से जल्द अनूपपुर लाने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब ने बताया कि जिले के दो श्रमिकों की मौत इस घटना में हुई है जिनकी पहचान की जा चुकी है। जिनके शव को लाने के संबंध में कर्नाटक पुलिस के अधिकारियों से समन्वय बनाया गया है।

ये है मामला

जानकारी के लिए बता दें कि बीते दिन कर्नाटक के बेंगलुरु शहरी जिले में एक ग्रेनाइट खदान में हुए भीषण हादसे में सात प्रवासी मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। मृतकों में पांच मजदूर मध्य प्रदेश के रहने वाले है। मामले के बारे में पुलिस का कहना है कि हादसे के पीछे गंभीर लापरवाही है। बताया जा रहा है कि यह हादसा बेंगलुरु शहरी जिले के मडापट्टना क्षेत्र में हुआ, जहां खदान में ऊपर से ग्रेनाइट का विशाल पत्थर खिसककर नीचे काम कर रहे मजदूरों पर आ गिरा।