15 जुलाई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

घर में मिले दंपती के शव, राजगढ़ में फर्श पर मिला पत्नी का शव, फंदे पर लटका मिला पति

Couple Death Case: पुलिस को घटनास्थल से एक शराब की खाली बोतल भी मिली है, आशंका है कि पति ने पहले चाकू से पत्नी की हत्या की और फिर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या की।
2 min read
Google source verification
rajgarh

couple found dead husband hanging wife body found inside house, प्रतीकात्मक तस्वीर

Rajgarh Couple Death Case: मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के तलेन थाना क्षेत्र के ग्राम फूलपुरा के जंगल में बने एक मकान में गुरुवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। घर में पति-पत्नी के शव मिले हैं, पत्नी का शव घर में खून से लथपथ हालत में मिला है जबकि पास ही पति फांसी के फंदे पर लटका मिला है। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए पचोर अस्पताल भिजवाया।

घर में मिले पति-पत्नी के शव

मृतक की पहचान रायसिंह लववंशी (50) निवासी ग्राम फूलपुरा के रूप में हुई है। अंदेशा है कि उसने अपनी पत्नी सुशीलाबाई (48) की घर में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से हमला कर हत्या की और फिर खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन मकान अंदर से बंद था। काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिलने पर पुलिस ने खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया। कमरे के भीतर महिला का शव खून से लथपथ पड़ा था, जबकि पति फंदे पर लटका मिला। मौके का निरीक्षण कर पुलिस ने साक्ष्य जुटाए।

दंपती के दो बेटे और दो बेटियां, सभी हो चुकी है शादी

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दंपती के दो बेटे और दो बेटियां हैं, चारों की शादी हो चुकी है। परिवार के अन्य सदस्य गांव में बने मकान में रहते हैं, जबकि रायसिंह और उसकी पत्नी जंगल में बने मकान में रह रहे थे। पुलिस ने बताया कि रायसिंह नशे का आदी था। हालांकि घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम पचोर अस्पताल में कराया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के पीछे घरेलू विवाद, नशे की लत या कोई अन्य कारण तो नहीं था।

पत्नी की हत्या का मृत पति पर दर्ज हुआ केस

इस सनसनीखेज घटना के बाद मौके पर पहुंची तलेन पुलिस और एफएसएल टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की। पुलिस ने मृत पति रायसिंह के खिलाफ हत्या का मामला पंजीबद्ध किया है। पुलिस का कहना है कि संभवत: मृत पति नशे का आदी था, इसी की जद में उसने उक्त घटना को अंजाम दिया। हालांकि वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस को मौके से शराब की बोतल (क्वॉर्टर) मिली है। माना जा रहा है कि दोनों में कहासुनी हुई होगी।