15 जुलाई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

MP में जल्द शुरू होगी नई रेल लाइन, 5073 करोड़ पहुंची लागत, ब्यावरा-सोनकच्छ ट्रैक का ट्रॉली निरीक्षण

Bhopal-Ramganj Mandi rail line project-प्रोजेक्ट की लागत करीब 5073 करोड़ पहुंची, 597 करोड़ की नई राशि से मिली रफ्तार। दिसंबर तक काम पूरा कराने का लक्ष्य।
3 min read
Google source verification
Bhopal-Ramganj Mandi rail line project Beawar-Sonkachch Track inspection inspection done indian railways

Bhopal-Ramganj Mandi rail line- ब्यावरा-सोनकच्छ के बीच ट्रॉली इंस्पेक्शन करते सीपीएम (फोटो सोर्स- Patrika)

(रिपोर्ट- लक्ष्मीनारायण यादव, ब्यावरा)

Beawar-Sonkachch Track inspection-राजगढ़ जिले को राजस्थान और राजधानी भोपाल से सीधे जोड़ने वाली बहुप्रतीक्षित भोपाल-रामगंज मंडी रेल लाइन परियोजना (Bhopal-Ramganj Mandi rail line project) अब अंतिम चरण में पहुंचती नजर आ रही है। परियोजना का करीब 85 फीसदी काम पूरा हो चुका है। बजट में भी बढ़ोतरी हुई है। रेलवे अब डेडलाइन के हिसाब से काम पूरा कराने लगातार काम में जुटा है।

भोपाल जोन के ब्यावरा-सोनकच्छ के करीब 20 किमी रेल ट्रैक का ट्रॉली इंस्पेक्शन किया गया। तकनीकी जांच के बाद अब अगले करीब 10 दिनों में कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी (सीआरएस) के निरीक्षण की तैयारी की जा रही है।

अधिकारियों और ठेकेदार को लगाई फटकार

मंगलवार को करीब दो घंटे तक मुख्य परियोजना प्रबंधक (सीपीएम) पंकज सोहेल ने अधिकारियों की टीम के साथ ट्रॉली इंस्पेक्शन कर ट्रैक की गुणवत्ता, वेल्डिंग, बैलास्ट, लेवल और अन्य तकनीकी पहलुओं की बारीकी से जांच की। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की धीमी गति पर संबंधित ठेकेदार को फटकार भी लगाई। साथ ही मौके पर मजदूरों की संख्या कम मिलने पर करीब सौ अतिरिक्त श्रमिक लगाकर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। साथ ही ट्रैक के आसपास मिट्टी में लगाई जाने वाली विशेष तरह की घास सूखी होने पर भी फटकार लगाई। इसी सप्ताह सीईओ का भी निरीक्षण प्रस्तावित है।

597 करोड़ और मिले, दिसंबर तक हर हाल में काम पूरा कराने में जुटे

बता दे कि उक्त प्रोजेक्ट के लागत बढ़कर अब 3080 करोड़ से 5073 करोड़ के पार पहुंच चुकी है। जिसमें से 4077 करोड़ का फंड मिल भी चुका है। परियोजना को चालू वित्तीय वर्ष में 597 करोड़ रुपए फंड मिला है। जिससे शेष कार्यों को गति मिलेगी। मार्च-2025 प्रोजेक्ट की लागत 3080 करोड़, फिर दिसंबर-2025 तक बढ़कर करीब 4077 करोड़ हो गई थी। जबकि अंतिम स्वीकृतियों और अतिरिक्त कार्यों के बाद यह राशि 5073 करोड़ रुपए तक पहुंचने का अनुमान है।

85 फीसदी काम पूरा, 242 किमी का ट्रैक तैयार

रेलवे अधिकारियों के अनुसार परियोजना के विभिन्न सेक्शनों में तेजी से काम चल रहा है। भोपाल जोन में भोपाल-कुरावर तक करीब 56 किमी का ट्रैक तैयार है। कुरावर-नरसिंहगढ़-सोनकच्छ का काम बाकी है। अब सोनकच्छ से ब्यावरा खंड का लगभग 21.5 किमी ट्रैक भी लगभग तैयार है। सीआरएस से ओके होते ही करीब 77.5 किमी भोपाल जोन और कोटा जोन का करीब 165 किमी में से 143.5 किमी ट्रैक लगभग तैयार है। यानी भोपाल से रामगंज मंडी तक 276 में से 221 किमी ट्रैक तैयार है। अब शेष का काम भी अक्टूबर तक पूरा कर दिसंबर तक ट्रैन चलाने क तैयारी है।

रेल संपर्क के साथ ही विकास को लगेंगे पंख

रेल लाइन शुरू होने के बाद भोपाल, सीहोर, श्यामपुर, कुरावर, नरसिंहगढ़, सोनकच्छ, राजगढ़, ब्यावरा और आगे रामगंज मंडी के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा। इससे यात्रियों का सफर आसान होने के साथ कृषि उपज, उद्योग और व्यापार को भी नई गति मिलेगी। लंबे समय से इस रेल लाइन का इंतजार कर रहे लोगों को अब इसके जल्द पूरा होने की उम्मीद बंध गई है।

दिसंबर तक पूरा होगा काम- डीआरएम

दिसंबर-2026 तक काम पूरा करा लेंगे। केवल दो सेक्शन में ही काम बाकी है, जिसे भी जल्द करा लेंगे। ब्यावरा-सोनकच्छ सीआरएस निरीक्षण जल्द ही होने वाला है, ऐसे में करीब 70 फीसदी काम पूरा है।- पंकज त्यागी, डीआरएम, भोपाल

एक नजर में भोपाल-रामगंज मंडी रेल लाइन

  • 276 किमी ट्रैक की कुल लंबाई
  • 165 किमी कोटा जोन में
  • 111 किमी भोपाल जोन मे
  • 4077 करोड़ प्रोजेक्ट के लिए मिल चुके
  • 5073 करोड़ बढ़कर हुई प्रोजेक्ट लागत
  • 597 करोड़ का फंड हाल में मिला

परियोजना की वर्तमान वर्तमान स्थिति

  • 85 फीसदी काम पूरा
  • 143.5 किमी ट्रैक राजस्थान तरफ से तैयार
  • 56 किमी ट्रैक भोपाल जोन का तैयार
  • 21.5 किमी ब्यावरा-सोनकच्छ ट्रैक भी लगभग तैयार
  • 33 किमी कुरावर से सोनकच्छ शेष
  • 21.5 किमी ब्यावरा-राजगढ़ के बीच काम बाकी(स्रोत- रेलवे भोपाल और कोटा जोन से प्राप्त आंकड़े।)