
Trains Cancelled: झलवारा में नॉन इंटरलाकिंग कार्य की वजह से रेलवे ने 1 जून से अनूपपुर, शहडोल, उमरिया से होकर गुजरने वाली 17 यात्री ट्रेनों को रद्द कर दिया है। वहीं कुछ के रूट डायवर्ट किए हैं। इससे एक बार फिर यात्रियों के सामने संकट खड़ा हो गया है। अब उन्हें निजी वाहनों या फिर बस से यात्रा करनी पड़ रही है। जिसमें समय तो ज्यादा लगता ही है। ज्यादा रुपए भी खर्च करने पड़ रहे हैं।
लोगों का कहना है कि पिछले दो साल से आए दिन ट्रेनों को कैंसिल कर दिया है। इससे पूरी व्यवस्था चरमरा जाती है। यात्रियों की सुविधा का बिल्कुल भी ध्यान नहीं रखा जाता है। बताया जाता है कि रेलवे ने अधोसंरचना विकास कार्य के लिए झलावारा स्टेशन पर कटनी ग्रेड सेपरेटर लाइन और सिंगरौली दिशा की ओर टाई-लाइन की कनेक्टिविटी के कमीशनिंग के लिए नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य की वजह से 17 यात्री ट्रेनों को रद्द किया है।
दो यात्री गाड़ियों को परिवर्तित मार्ग से संचालित किया जाएगा। 2 से 6 जून तक गाड़ी संया 15231 बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस वाया बरौनी, कटनी, जबलपुर, नैनपुर, बालाघाट से होते हुए चलेगी। इसी तरह 2 से 6 जून तक गाड़ी संया 15232 गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस वाया बालाघाट, नैनपुर, जबलपुर, कटनी होते हुए बरौनी जाएगा। शहडोल अनूपपुर के यात्रियों को कटनी से ट्रेन पकड़नी पड़ेगी। जनसंपर्क अधिकारी रेलवे बिलासपुर अंबिकेश साहू ने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर कार्य के लिए ट्रेनों को बंद किया गया है, ऐसा नहीं है कि सिर्फ इसी क्षेत्र में ट्रेन बंद की जाती हैं। डेवलपमेंट कार्य भी आमजन के लिए ही किया जा रहा है।
प्रतिदिन कोतमा से अनूपपुर की यात्रा करने वाले व्यापारी मुकेश सोनी ने कहा कि यात्री ट्रेनों का परिचालन मेंटेनेंस कार्य का हवाला देकर आए दिन बंद कर दिया जाता है। जबकि इसी रूट से माल गाड़ियां गुजरती हैं रेलवे प्रबंधन दोहरी नीति अपना रहा है। रेलवे प्रबंधन मालगाड़ियों का संचालन भी इस दौरान बंद करें या फिर यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था प्रदान करें।
स्थानीय सुनील दुबे ने कहा कि रेलवे प्रबंधन बिना कुछ सोचे समझे यात्री ट्रेनों को बंद कर देता है। अनूपपुर से चिरमिरी तक जाने वाली ट्रेन को भी झलवारा में होने वाले कार्य के लिए बंद कर दिया गया है जबकि इस ट्रेन का उस रूट से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने बताया कि जबलपुर जाना है लेकिन जबलपुर तक जाने वाले ट्रेन को रद्द कर दिया है ऐसे में कैसे यात्रा हो।