
Anuppur Accident News: मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में सोमवार तड़के सड़क हादसे में तीन लोगों की जान चली गई। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत छूलहा गांव के पास सोमवार सुबह करीब 4 बजे तेज रफ्तार बोलेरो सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। भीषण हादसे में बोलेरो सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों में दो सगे भाई और बोलेरो का मालिक शामिल है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान दीनबंधु विश्वकर्मा (36), विनीत विश्वकर्मा (26) और मोहम्मद करीम (32), निवासी धनगवां के रूप में हुई है। विनीत भारतीय सेना में जवान था और दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर घर लौट रहा था। हादसे में धनगवां निवासी राजू तिवारी (30), पिता सुरेश तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर किया गया है।
मृतक विनीत के पिता जयकरण विश्वकर्मा ने बताया कि उनका सबसे छोटा बेटा विनीत सेना में जवान था। वह छत्तीसगढ़ के रायपुर में अपने दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर घर आ रहा था। सोमवार रात करीब 3 बजे ट्रेन से पहुंचने के बाद वह बोलेरो से घर लौट रहा था। उसके साथ बड़ा भाई दीनबंधु और दोस्त राजू तिवारी भी थे। छूलहा गांव के पास हादसा कैसे हुआ, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।
परिजनों के मुताबिक, पुलिस ने सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे हादसे की सूचना दी। इसके बाद परिवार के लोग घटनास्थल और जिला अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों और मृतकों को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल राजू तिवारी का उपचार शुरू किया। तीनों शव जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवाए गए हैं। पुलिस सहायता केंद्र में परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के साथ पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।