
Anuppur News : मध्य प्रदेश के अनूपपुर में दशहरा पर्व पर रावण दहन देखकर घर लौट रहे दो युवकों की मोटरसाइकिल बीती देर रात भालूमाडा थाना अंतर्गत एसईसीएल जमुना-कोतमा इलाके के महाप्रबंधक कार्यालय के पास एक खंभे से टकरा गई। स्थानीय लोगों के द्वारा घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा ले जाया गया जहां बाइक पर पीछे बैठे 21 वर्षीय प्रिंस गुप्ता की मौत हो गई, जबकि मोटरसाइकिल चला रहा 16 वर्षीय मोहित वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का जिला चिकित्सालय अनूपपुर में उपचार जारी है।
बदरा बस स्टैंड के पास रहने वाले 21 वर्षीय प्रिंस गुप्ता, पिता गंगा गुप्ता अपने परिचित 16 वर्षीय मोहित वर्मा, पिता राकेश वर्मा के साथ दशहरा उत्सव में रावण दहन देखने गए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद दोनों मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान एसईसीएल जमुना - कोतमा इलाके के महाप्रबंधक कार्यालय के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर एक खंभे से टकरा गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि, दोनों युवक घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा - तफरी फैल गई। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्रिंस गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल मोहित वर्मा को प्राथमिक उपचार के बाद अनुपुपर जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां अब भी उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
प्रिंस गुप्ता की मौत के बाद कोतमा पुलिस ने जरूरी कार्रवाई करते हुए गुरुवार को उसका पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजन को सौंप दिया गया है। जवान बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दशहरा पर्व मनाकर बेटे के घर लौटने की उम्मीद लगाए बैठे परिजन के लिए ये हादसा कभी न भूलने वाला दुख बन गया है।
मामले को लेकर भालूमाडा थाना प्रभारी राधिका भगत का कहना है कि, घटना की जानकारी गुरुवार सुबह मिली है। कोतमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उपचार के लिए उन्हें ले जाया गया था। इस मामले में कोतमा पुलिस मर्ग कायम कर केस डायरी हमें ट्रांसफर करेगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।