प्रशासनिक स्तर पर शहर में सुरक्षा व्यवस्था रही चाक चौबंद
अनूपपुर. पिछले एक माह से चला आ रहा पवित्र रमजान का पावन महीना शनिवार 16 जून को मुस्लिम धर्मावलंबियों द्वारा जिलेभर के विभिन्न ईदगाह व जामा मस्जिद में नमाज अदा करने साथ समाप्त हो गया। जहां जिलेभर के विभिन्न ईदगाहों पर मुस्लिम धर्माम्वलम्बियों ने सिर नवाकर सजदा किया और विश्व कल्याण की मन्नत मांगी। सुबह से ही मुस्लिम समुदायों के लोग नवाज अता करने आसपास के ईदगाहों के ओर रूख कर गए। खास कर इस मौके पर बच्चों का उत्साह देखने लायक बन रहा। इससे पूर्व १५ जून को रमजान की आखिरी शुक्रवार को अलविदा जुमे की नमाज अदा की गई। शनिवार को जिला मुख्यालय के ईदगाह में सुबह ९ बजे हाफिज सलमान राजा कटनी के द्वारा ईद की नमाज अदा कराई गई, जहां मुस्लिम भाईयों ने ईद की नमाज अदाकर एक दूसरे को ईद की बधाई दी। इस मौके पर शहर के व्यापारी संगठन के साथ अन्य समुृदायों के लोगों ने भी उत्साह के साथ इस पर्व में मुस्लिम भाईयों को सहयोग दिया तथा उन्हें ईद मुबारकवाद कही। ईद के मौके पर ईदगाह स्थली पर कलेटर अनुग्रह पी, पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार जैन, एसडीओपी अनूपपुर उमेश गर्ग, तहसीलदार ईश्वर प्रधान, नपा अध्यक्ष रामखेलावन राठौर, यातायात प्रभारी बृजेंद्र मिश्र, नपा पूर्व उपाध्यक्ष ओम प्रकाश द्विवेदी, संतोष अग्रवाल, बासुदेव चटर्जी सहित नगर परिषद के जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिकों ने नमाजेदारों को ईद की बधाई दी। नमाज अताएगी से पूर्व प्रशानिक अधिकारियों ने ईदगाह व आसपास की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार जैन के अनुसार जिलेभर में 50 छोटे-बड़े ईदगाह व मस्जिदों में नमाज अदाएगी की गई। जिसमें मुख्यालय की बड़ी ईदगाह, सब्जी मंडी स्थित ईदगाह, जमुड़ी, रामनगर, कोतमा, लहसुई, पैरीचुआ, बिजुरी, जैतहरी, करौंदा, धिरौल, खोली, सारंगपुर सहित अन्य स्थली शामिल रही। जिसकी सुरक्षा के लिए जिला पुलिस बल के 500 जवानों सहित अन्य आईजी रिजर्व बल के 25 जवानों को तैनात किया गया था। राजेन्द्रग्राम में भी ईद के मौके पर स्थानीय मुस्लिम धर्मावलंबियों ने जुहिला नदी के किनारे बने मस्जिद में खुशियों के साथ नमाज अदा की तथा अल्लाह के सजदे में अपना सिर एक साथ झुकाए। नमाज अदा करने के बाद सभी नमाजियों ने एक दूसरे को इर्द की बधाई दी। इस मौके पर स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों व गणमान्य लोगों ने सभी को ईद मुबारक की बधाई दी।
भालूमाड़ा- मुसलमान भाईयों की सबसे बड़ी त्योहार के रूप में मनाए जाने वाले ईद उल फित्र का पर्व शनिवार को सदभावनापूर्ण व सौहार्द्र के साथ मनाया गया। शनिवार की सुबह भालूमाड़ा ईदगाह में नमाज ९.३० बजे अदा की गई। नमाज अदाएगी की बाद उपस्थि समस्त लोगों ने गले लगाकर एक दूसरे को ईद का मुबारकबाद पेश की। इस मौके पर छोटे-छोटे बच्चे रंग बिरंगे पेशाकों में अधिक ही खुशमिजाज नजर आ रहे थे। बच्चों ने भी एक दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। ईदगाह पर स्थानीय पुलिस और नगरपालिका के पार्षद व अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। बधाई का सिलसिला दिनभर जारी रहा, जिसमें लोगों ने घर-घर जाकर लोगों को ईद की मुबारकबाद देकर सेबईयां खाई।
कोतमा- ईद के मौके पर कोतमा नगरीय क्षेत्र में सुबह से ही लहसुई ईदगाह में मुस्लिम धर्मावलंबियो का जमावडा शुरु हो गया और पूर्व निर्धारित समयानुसार सुबह 9.30 बजे ईद की नमाज अदाएगी की गई। नमाज सम्पन्न होने के बाद सभी नमाजियों ने ईदगाह में उपास्थित सभी लोगों से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। ईदगाह में मुस्लिम भाईयो एंव नमाजियो को बधाई देने के लिए विधायक मनोज कुमार अग्रवाल, दिलीप जायसवाल, अनिल गुप्ता, एसडीएम मिलिन्द्र नागदेव, एसडीओपी एसएन प्रसाद, थाना प्रभारी राजकुमार मिश्रा, उपाध्यक्ष प्रभात मिश्रा, धर्मेन्द्र वर्मा, सहित गणमान्य नागरिक मस्जिद में सुबह 10 बजे मुस्लिम धर्मावलंबियों ने एकत्रित होकर नवाज अदा की, साथ ही ईद-उल-फित्र के पावन एवं हर्षोउल्लास मौके पर एक दूसरे को गले मिलकर मुबारक दिया। मस्जिद तथा आसपास की व्यवस्था के लिए नगरपंचायत पहले से ही तैयार रही। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था को भी तैनात किया गया था। ईद के मौके पर मुस्लिम भाईयों को बधाई देने के लिए हिन्दू समुदायों की भी भीड़ उमड़ी रही।
इनका कहना है
ईद का पर्व जिले में शांतिपूर्ण सम्पन्न हुआ, कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। जिला पुलिस बल के साथ आईजी रिजर्व बलों को सुरक्षा व्यवस्थाओं में तैनात कराया गया था।
सुनील कुमार जैन, एसपी अनूपपुर