स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर नगर के युवाओं ने किया नगर बंद का आह्वन, 90 फीसदी दुकाने रही बंद
सुरक्षा व्यवस्थाओं में चौराहों पर तैनात रही पुलिस, पूर्व में सांसद ने व्यवस्थाओं में दिया था आश्वासन
अनूपपुर। कोतमा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र की बदहाली के साथ विकासखंड में बने अन्य स्वास्थ्य केन्द्रों पर डॉक्टरों व संसाधनों की कमी से जूझ रहे स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के खिलाफ बुधवार ४ जुलाई को कोतमा गांधी चौक पर युवा शक्ति संगठन के आह्वन पर नगर बंद का आह्वन किया गया। जहां संगठन द्वारा स्वैच्छिक किए गए बंद में नगर के लगभग ९० फीसदी व्यापारियों ने बंद का समर्थन कर अपनी व्यापारिक प्रतिष्ठानें बंद रखी। इस दौरान युवा शक्ति संगठन के कार्यकर्ताओं ने नगर की गलियों व मुख्य मार्गो पर रैली निकाल कोतमा बीमार है चुनाव का बहिष्कार के नारे लगाएं। नगर बंद की सूचना पर कोतमा एसडीओपी सहित थाना प्रभारी ने पुलिस बल के साथ गांधी चौक पर सुरक्षा व्यवस्था तैनात की। और आसपास की गतिविधियों पर निगरानी रखी ताकि किसी अप्रिय घटना के साथ आमलोगों को किसी प्रकार की परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े। युवा शक्ति संगठन के कार्यकर्ताओं व व्यापारियों की मांगें थी कि कोतमा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के साथ आसपास के ग्रामीण अचंलों के स्वास्थ्य केन्द्र से बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराया जाए। जिससे नगर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की जनता को समुचित स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो सके। बताया जाता है कि युवा शक्ति संगठन के कार्यकर्ताओ ंने सुबह ८ बजे से ही नगर के मुख्य गांधी चौक पर एकत्रित होकर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन आरम्भ कर दिया था। संगठन के कार्यकर्ताओं का कहना था कि युवाओं ने पूर्व में शहडोल सांसद ज्ञान सिंह को पत्र सौंपकर डॉक्टरों की व्यवस्था तथा एंबुलेंस वाहन सुविधा प्रदान की अपील की थी। जिसमें सांसद ज्ञान सिंह ने 15 दिनों का आश्वासन दिया था। लेकिन दो माह गुजर जाने के बाद भी कोई व्यवस्थाएं नहीं बन सकी। इसी दौरान कोतमा विधायक मनोज अग्रवाल ने एंबुलेंस वाहन की सौगात स्वास्थ्य केन्द्र को दी। लेकिन सांसद आजतक डॉक्टरों व वाहन सुविधा पर चुप्पी साधे रह गए। जबकि कोतमा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत दो लाख से अधिक की आबादी निवासरत है। लेकिन 35 किलोमीटर क्षेत्र में फैले विकासखंड में डॉक्टरों व संसाधनों का अभाव बना हुआ है।
वर्सन:
युवाओं के द्वारा ज्ञापन सौंपकर नगर बंद की सूचना दी गई थी। शांतिपूर्वक आंदोलन रहा। प्रशासन के द्वारा पूरी मुस्तैदी के साथ नगर में देख रेख की गई
राज कुमार मिश्रा, थाना प्रभारी कोतमा।