अभियान बेअसर, जिला मुख्यालय में ही अधिकांश सार्वजनिक तालाब बदहाली के शिकार
जल संरक्षण को लेकर के जहां शासन स्तर पर प्रयास किया जा रहे हैं। गत वर्ष गंगा जल संवर्धन अभियान भी चलाया गया। इसके बावजूद जिला मुख्यालय स्थित तालाबों का संरक्षण और संवर्धन नहीं हो सका। देखरेख के अभाव में तालाब बदहाली का शिकार होते जा रहे हैं। अधिकांश तालाबों के कैचमेंट एरिया में अतिक्रमण हो चुका है। नगर में 19 सार्वजनिक तालाब हैं। एक समय था जब इन्हीं तालाबों से पूरे नगर का निस्तार होता था। नहाने के साथ ही विभिन्न तरह के कार्यों में इन जलाशयों के पानी का उपयोग किया जाता था। वर्तमान में मृत्यु के पश्चात अंतिम संस्कार क्रिया के लिए इन तालाबों का उपयोग किया जाता है। वह भी जिनमें पर्याप्त मात्रा में पानी रहता है। कई तालाब अतिक्रमण का शिकार हैं। इसकी शिकायत स्थानीय वार्डवासियों ने जनप्रतिनिधियों एवं नगर पालिका कार्यालय में दर्ज कराई लेकिन राजस्व और नगर पालिका के बीच समन्वय की कमी के कारण कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
जिला मुख्यालय में स्थित 19 तालाब में से मात्र सामतपुर तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए नगर पालिका ने योजना बनाई। अन्य सभी तालाब उपेक्षा का शिकार हो रहे हैं। शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा करने के साथ ही कचरे को डंप किया जा रहा है। देखरेख के अभाव में तालाब सूखते जा रहे हैं। अनूपपुर बस्ती स्थित तालाब पर लगातार अतिक्रमण बढ़ता जा रहा है। वार्ड 9 स्थित लमता तालाब की सीमा भी अतिक्रमण है। वहीं टेढ़ी तालाब में आज तक घाट का निर्माण नहीं हो पाया है। इस तालाब का उपयोग आज भी नहाने और अंतिम संस्कार क्रिया कर्म के लिए किया जाता है। नगर के प्रमुख तालाब अनूपपुर नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत 19 सार्वजनिक तालाब हैं। इनमें लमता तालाब, बोकरा तालाब, सोहारी तालाब, टेढ़ी तालाब, बमुरिहा तालाब, भंडरी तालाब, देमान तालाब, नईकान तालाब, बड़ी खंपरिया तालाब, रामकुडिय़ा तालाब, बाबू तालाब, उनजीर तालाब, चमरबोथी तालाब, सामतपुर तालाब, छोटी खंपरिया तालाब, अमहाई तालाब, रानी तालाब, रामसागर तालाब, भुतही तालाब शामिल हैं।
नगर वासी रामकुमार राठौर ने कहा कि जिला मुख्यालय के तालाबों के संरक्षण की जरूरत है। नगर में लगातार शासकीय भूमि पर अतिक्रमण बढ़ रहा है। इनमें तालाब भी शामिल हैं। नगर पालिका और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम बनाई जाए तथा इन तालाब की सीमा को सुरक्षित किया जाए।
नगर वासी संदीप रैकवार ने कहा कि नगर के तालाबों को सुरक्षित करने के लिए नगर पालिका इनके सौदर्यीकरण की योजना बनाए और तालाबों को पुनर्जीवित करने का प्रयास किया जाए। आज भी स्थानीय लोगों के साथ ही मवेशी पेयजल के लिए तालाब के पानी का ही उपयोग करते हैं।
नगर वासी अभिषेक अग्रवाल ने कहा कि जिला मुख्यालय की जल संरचनाओं को सुरक्षित करने के लिए अभियान चलाया जाना चाहिए। कुछ तालाब अतिक्रमण का शिकार हो चुके हैं उनकेा अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। तालाब में स्नान घाट एवं आसपास पौधरोपण किया जाए।
अनूपपुर के तालाब में जहां अव्यवस्था है वहां जाकर जायजा लिया जाएगा। जो भी कमी होगी उन्हें दूर किया जाएगा।
भूपेंद्र सिंह, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, अनूपपुर