
Honour Killing Case: मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले से सनसनीखेज वारदात की खबर सामने आई है। जिले के भालूमाड़ा थाना पुलिस ने पोखरी डैम ओसीएम छोहरी में 18 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी मच गई। मामले के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त सामग्री और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। घटना के बारे में थाना प्रभारी उमेश उपाध्याय ने बताया कि 2 जून को पोखरी डैम ओसीएम छोहरी में मिले शव की पहचान ग्राम छोहरी निवासी सन्नी उर्फ मोटू सहीस 18 वर्ष के रूप में हुई। शव की कमर में रस्सी से रेत से भरी बोरी बंधी हुई थी और उसे पानी में डुबोकर छिपाने का प्रयास किया गया था। मृतक के पिता रंजू सहीस की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।जांच में खुलासा हुआ कि मृतक सन्नी सहीस का एक युवती के साथ पिछले तीन-चार वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती के परिजनों, विशेषकर उसके मामा को इसकी जानकारी थी और उन्होंने कई बार सन्नी को समझाने का प्रयास किया था, लेकिन वह नहीं माना। इसी बात से नाराज होकर युवती के मामा ने अपने साथी, चचेरे भाई और एक पड़ोसी के साथ मिलकर सन्नी की हत्या की साजिश रची।
पुलिस के अनुसार 29 मई की रात करीब 8:30 बजे आरोपी सन्नी को मोटरसाइकिल पर बैठाकर ग्राम छोहरी की बड़ी पुलिया के पास ले गए। यहां उन्होंने पूरी वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद पहचान छिपाने और साक्ष्य नष्ट करने के उद्देश्य से शव को मोटरसाइकिल पर लादकर ओसीएम के पोखरी डैम में फेंक दिया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, मृतक का मोबाइल फोन, दस्तावेज तथा हत्या में इस्तेमाल रस्सी बरामद कर ली है। चारों आरोपियों को 3 जून को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उमेश उपाध्याय,डी.एस. बागरी, चन्द्रहास बांधेकर, कमलेश शुक्ला, ईश्वर यादव, कृपाल सिंह सहित थाना स्टाफ एवं साइबर सेल की टीम शामिल रहे।