
अशोकनगर. जर्जर हो चुकीं शहर की सड़कें अब लोगों के लिए परेशानी बन गई हैं। विभाग जिस बायपास के मेंटनेंस के लिए हर दो महीने में हजारों रुपए खर्च करता है, लेकिन हकीकत में दो किमी लंबे उस बायपास पर 810 गड्ढे हैं।
जबकि जिले में सबसे ज्यादा ट्रैफि क इसी सड़क पर रहता है और वाहन चालक दुर्घटना की आशंका के बीच यहां से वाहन निकालने मजबूर हैं। लोगों का कहना है कि इन जर्जर सड़कों की वजह से पिछले दो साल में वाहनों में टूट-फूट तीन गुना बढ़ चुकी है।
पत्रिका ने गुरुवार को शहर की बायपास पर गड्ढों की हकीकत जानी तो पुराने आरटीओ कार्यालय भवन से एचडीएफ सी चौराहा तक सड़क में 810 गड्ढे मिले। इसमें सबसे ज्यादा समस्या ओवरब्रिज तक है, जहां सड़क पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है।
वहीं बायपास, ओवरब्रिज और एचडीएफ सी रोड को जोडऩे वाले सेन चौराहे पूरी तरह से गड्ढों में तब्दील हो चुका है। इतना ही नहीं ओवरब्रिज के ऊपर भी 90 गड्ढे हैं, जो ब्रिज से निकलने वाले वाहनों के लिए खतरनाक साबित हो सकते हैं।
पत्रिका ने जब स्केल से गहराई नापी तो बायपास पर कई गड्ढे पांच इंच गहरे, तो कई सात इंच तक गहरे मिले। हालांकि पीडब्ल्यूडी विभाग ने इन्हें भरने के लिए गिट्टी डाली, जो वाहनों की आवाजाही से कुछ ही समय में गड्ढों से बाहर सड़क पर फैल कर परेशानी को और बढ़ा रही है, लेकिन पीडब्ल्यूडी विभाग सड़क की मरम्मत पर ध्यान नहीं दे रहा है।
हर दूसरे महीने मरम्मत पर हजारों खर्च
पीडब्ल्यूडी विभाग बायपास की हर दूसरे महीने गिट्टी, कोपरा और चूरी डालकर मरम्मत कराता है, इससे हर दूसरे महीने बायपास की मरम्मत पर हजारों रुपए खर्च हो रहे हैं, लेकिन सड़कों पर कोई असर नहीं दिखता। बल्कि कई बार गिट्टी और चूरी सड़क पर फैलकर वाहन चालकों की समस्या को और बढ़ा देती है।
इससे शासन की राशि तो खर्च हो रही है, लेकिन जनता को इसका लाभ रत्तीभर भी नहीं मिल रहा है। गुरुवार को विभाग ने फिर से गिट्टी और पत्थर इन गड्ढों में भरवाए, लेकिन कुछ घंटे में ही सड़क पर फैलकर यह सुविधा की जगह आवाजाही में परेशानी बन गए।
चालक बोले-जितनी कमाई उतना ही हो रहा खर्चा
जर्जर सड़क पर गंभीर हो चुकी गड्ढों की समस्या पर जब पत्रिका ने वाहन चालकों से चर्चा की, तो चालकों ने बताया कि यहां से निकालने पर नए वाहन भी कुछ ही समय में खुद जर्जर होने लगते हैं।
यात्री वाहनों में जितनी कमाई होती है गड्ढों की वजह से वाहनों में टूट-फू ट बढ़ जाने से पूरी कमाई वाहनों के मेंटनेंस पर ही खर्च हो जाती है। इससे गड्ढों से बचाने वाहनों को सांप की तरह चलाना पड़ता है, लेकिन उससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
बड़ा सवाल: सड़क का निर्माण क्यों नहीं हो रहा शुरू
शहर की बायपास मार्ग पर फोरलेन सीसी सड़क स्वीकृत है, लेकिन स्वीकृति को दो साल बीत जाने के बाद भी निर्माण शुरू नहीं किया जा रहा हैं। वहीं ओवरब्रिज पर गड्ढों की समस्या को देख हर बार सेतु निगम सिर्फ स्टीमेट बनाने लगता है लेकिन रिपेयरिंग पर कोई गंभीरता नहीं दिखाई जा रही।