Ashoknagar Smack Smuggling Case: सरकारी ओहदे और वर्दी की आड़ में जब नशे का काला कारोबार होने लगे, तो सिस्टम पर सवाल उठना लाजमी है। मामला मध्यप्रदेश के अशोकनगर का है जहां कोतवाली पुलिस ने स्मैक तस्करी के एक ऐसे अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है, जिसमें वन विभाग का एक कर्मचारी ही युवाओं की रगों में जहर घोलने का काम कर रहा था। चंदेरी वन परिक्षेत्र में पदस्थ वनपाल सतीश रघुवंशी को पुलिस ने 2.05 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। साथ ही उप्र के ललितपुर के एक मेडिकल स्टोर संचालक को भी गिरफ्तार किया है, जो नशे के लिए इस्तेमाल होने वाले अवैध इंजेक्शन की थोक सप्लाई करता था।