
किसान के साथ ठगी, प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source: AI Image)
Ashoknagar news: इंटरनेट पर आंख मूंदकर भरोसा करना और गूगल सर्च से मिले नंबर पर कारोबार की डील करना एक किसान युवक को इस कदर भारी पड़ा कि उसकी जीवनभर की कमाई और पुश्तैनी जमीन सब कुछ बिक गई। बहादुरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सुमेर निवासी 32 वर्षीय किसान अमित राजपूत से शातिर ठगों ने अल्ट्राटेक सीमेंट और टाटा स्टील (सरिया) की एजेंसी दिलाने का झांसा देकर 45 लाख रुपये ठग लिए। बड़ा कारोबारी बनने के सपने में युवक ने अपनी पूरी 16 बीघा जमीन तक बेच दी। महीनों तक झांसा देने के बाद जब ठगों ने फोन बंद कर लिया, तब पीड़ित को अपने साथ हुई इस बड़ी ठगी का अहसास हुआ। मामले में बहादुरपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की एफआइआर दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
पुलिस को दिए आवेदन के अनुसार, ग्राम सुमेर निवासी अमित पुत्र अवतार सिंह राजपूत ने सीमेंट एजेंसी लेने के लिए 8 फरवरी 2026 को गूगल पर मोबाइल नंबर सर्च किया था। उसे मोबाइल नंबर 637029…. मिला, जिस पर संपर्क करने पर दूसरी तरफ से बात करने वालों ने खुद को विक्रम फैक्ट्री नीमच अल्ट्राटेक सीमेंट का एजेंट हेमंत कुमार और पंकज कुमार बताया। दोनों ने करीब छह महीने तक अमित को अपने झांसे में उलझाए रखा। उन्होंने अल्ट्राटेक सीमेंट और टाटा स्टील की एजेंसी देने की शर्त रखी कि इसके लिए 10 ट्रक सीमेंट और 75 टन सरिया का एडवांस भुगतान करना होगा। इसके अलावा जीएसटी और ट्रांसपोर्ट के नाम पर भी मोटी रकम मांगी गई।
ठगों ने अमित को इस कदर भरोसे में ले लिया था कि उसने एजेंसी के लिए अपनी पूरी 16 बीघा जमीन बेच दी। फरवरी से मई के बीच ठग लगातार उससे अलग-अलग किश्तों में पैसे मंगाते रहे। अमित को शक न हो, इसके लिए आरोपी हर बार राशि जमा होने के बाद उसे फर्जी पीडीएफ बिल बनाकर भेज देते थे।
पूरी रकम ऐंठने के बाद भी आरोपी करीब पांच महीने तक किसान को एजेंसी शुरू होने और माल भेजने का झांसा देते रहे। लेकिन न तो अमित को एजेंसी मिली और न ही एक रुपया वापस मिला। अब ठगों का मोबाइल नंबर (637029….) भी बंद आ रहा है। खुद को लुटा हुआ महसूस कर पीड़ित किसान ने बहादुरपुर थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब उन सभी बैंक खातों और फोन-पे आईडी की डिटेल खंगाल रही है, जिनमें यह रकम ट्रांसफर की गई थी।
ठगों ने पुलिस की पकड़ से बचने के लिए एक ही खाते में पैसा लेने के बजाय अलग-अलग लोगों के खातों और यूपीआई का इस्तेमाल किया।
बैंक खातों में बड़ी रकम: 10 फरवरी से 16 मार्च 2026 के बीच चेक और बैंक ट्रांजेक्शन के जरिए यूको बैंक, केनरा बैंक और पंजाब एंड सिंध बैंक के अलग-अलग खातों जिनमें श्रुति रानी वर्मा, निमिता कुशवाह व अन्य के खाते शामिल हैं, उनमें लाखों रुपये जमा कराए गए। इसमें एक बार में 7.75 लाख रुपये तक ट्रांसफर कराए गए।
फोन-पे से लगातार वसूली: इसके अलावा 21 बार में फोन-पे के जरिए राजकुमार पटेल, रोहित कुमार, सकल कुमार, श्रुति रानी वर्मा, रीना मुखी और प्रिंस कुमार के नाम की अलग-अलग ट्रांजेक्शन आईडी पर प्रत्येक पर कई बार 15 हजार से लेकर 70 हजार रुपए तक की रकम मंगाई गई।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
24 Nov 2026, 12:03 PM IST
Published on:
24 Nov 2026, 12:03 PM IST
बड़ी खबरें
View Allअशोकनगर
मध्य प्रदेश न्यूज़




