अशोकनगर

एस्ट्रोलॉजर पहनती थी आधा किलो चांदी की चप्पल, पर्स में रखती थी चांदी की ईंट, लग्जरी लाइफ देख पुलिस भी हैरान

MP News: एस्ट्रोलॉजर आयुषी ने अपनी रईसी दिखाने के लिए विशेष तौर पर करीब आधा किलो चांदी की चप्पलें, लगभग 250 ग्राम चांदी का पर्स और चांदी की ईंट बनवाई थी। इसके अलावा एक लग्जरी कार, दो आईफोन, एप्पल नोटबुक, स्कूटी, महंगे ब्रांडेड कॉस्मेटिक सामान, बड़ा फ्रीज, वाशिंग मशीन, अलमारी और महंगी घड़ियां भी खरीदी गईं।

3 min read
May 13, 2026
MP News तांत्रिक आयुषी चौहान की लग्जरी लाइफ देख पुलिस भी हैरान (source: patrika)

MP News: मध्यप्रदेश के अशोकनगर जिले में प्रेम, ब्लैकमेलिंग और करोड़ों की ठगी के सनसनीखेज मामले में पुलिस जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे हैरान करने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। युवती को प्रेमजाल में फंसाकर करीब 1.30 करोड़ रुपए की ठगी करने वाले गिरोह ने पुलिस रिमांड में कबूल किया है कि काली कमाई को उन्होंने ऐशो-आराम और दिखावे पर उड़ाया। पुलिस अब तक आरोपियों के कब्जे से करीब 70 लाख रुपए मूल्य की संपत्ति और लग्जरी सामान जब्त कर चुकी है। मामले ने शहर में ब्लैकमेलिंग के बड़े सिंडिकेट की आशंका को भी हवा दे दी है।

ये भी पढ़ें

एमपी में तांत्रिक सहेली, टैटू आर्टिस्ट और एक्स प्रेमी ने मिलकर युवती से ठगे 1.30 करोड़

लग्जरी कार, दो आईफोन, एप्पल नोटबुक.... देख पुलिस भी हैरान

जांच में सबसे चौंकाने वाला नाम गुना निवासी एस्ट्रोलॉजर(Astrologer) और तांत्रिक बताई जा रही आयुषी चौहान का सामने आया है। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आयुषी ने ठगी की रकम से अपनी रईसी दिखाने के लिए विशेष तौर पर करीब आधा किलो चांदी की चप्पलें, लगभग 250 ग्राम चांदी का पर्स और चांदी की ईंट बनवाई थी। आरोपी आयुषी और उसके पति आकाश चौहान ने स्वीकार किया है कि ठगी की रकम से करीब 50 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर खरीदे गए। इसके अलावा एक लग्जरी कार, दो आईफोन, एप्पल नोटबुक, स्कूटी, महंगे ब्रांडेड कॉस्मेटिक सामान, बड़ा फ्रीज, वाशिंग मशीन, अलमारी और महंगी घड़ियां भी खरीदी गईं। कोतवाली पुलिस ने यह पूरा सामान गुना स्थित उनके घर से जब्त कर लिया है।

फॉरेंसिक जांच के लिए जाएंगे मोबाइल और लैपटॉप, बैंक खाते भी खोलेंगे राज

कोतवाली प्रभारी रविप्रताप सिंह चौहान के मुताबिक मामले की तह तक पहुंचने के लिए आरोपियों के मोबाइल और लैपटॉप को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने कई डिजिटल साक्ष्य मिटाने की कोशिश की है। तकनीकी विशेषज्ञ अब डिलीट किए गए डेटा को रिकवर करेंगे, जिससे कई और राज सामने आ सकते हैं। पुलिस आरोपियों के बैंक खातों और पेमेंट गेटवे की भी पड़ताल कर रही है, ताकि ठगी की रकम के लेन-देन की पूरी श्रृंखला सामने आ सके। साथ ही छिपाई गई अन्य चल-अचल संपत्तियों की भी तलाश जारी है।

ठगी का न लगे पाप, मंदिरों पर करते थे दान-पुण्य

युवती को ब्लैकमेल कर वसूली गई राशि पर पाप न लगे, इसलिए आरोपी मंदिरों में पहुंचकर दान-पुण्य कराते थे। पुलिस के मुताबिक आरोपी गरीबों को भंडारा करते थे। बंगाल में बलि भी दी गईं।

क्या और भी हैं शिकार, शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म

मामला सामने आने के बाद शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म है। लंबे समय से सक्रिय बताए जा रहे इस ब्लैकमेलिंग सिंडिकेट को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। शहर में यह भी चर्चा है कि आरोपियों के मोबाइल में कई अन्य युवतियों और रसूखदार लोगों के वीडियो व फोटो हो सकते हैं। लोगों का मानना है कि इतने लंबे समय से सक्रिय गिरोह ने अन्य लोगों को भी इसी तरह फंसाया होगा। हालांकि पुलिस ने फिलहाल इस पर आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा है, लेकिन जांच एजेंसियां इस पहलू पर भी गंभीरता से पड़ताल कर रही हैं कि कहीं और लोग भी ब्लैकमेलिंग या ठगी का शिकार तो नहीं हुए।

फ्लैशबैक: ऐसे बुना गया ठगी का जाल

  • 21 वर्षीय पीडि़ता पांच साल पहले जब 12वीं पढ़ती थी तब इंस्टाग्राम पर आदित्यसिंह तोमर से दोस्ती हुई। आदित्य ने प्रेम जाल में फंसाया व आर्यन सोनी के टैटू स्टूडियो में ले जाकर युवती का वीडियो बना लिया।
  • युवती के पिता की मृत्यु के बाद प्रेमी आदित्य सिंह व टैटू आर्टिस्ट आर्यन सोनी ने वीडियो दिखाकर दो लाख रुपए वसूले। दशहरे पर दोनों ने रात में युवती के घर में घुसकर फिर ब्लैकमेल करते हुए धमकी दी।
  • गुना की तांत्रिक व एस्ट्रोलॉजर सहेली आयुषि से मदद मांगी तो आयुषि ने अपने पति आकाश चौहान के साथ मिलकर युवती से रुपए ऐंठने का षडय़ंत्र रच लिया और लूट शुरू हो गई।
  • कभी क्राइम ब्रांच तो कभी सीआइडी के नाम से फोन लगाकर युवती को ब्लैकमेल कर कभी 10 लाख तो कभी 25 लाख लिए। फिर 60 लाख रुपए की मांग की और युवती का सोना गिरवी रखवाकर 35 लाख रुपए हड़प लिए।
  • ठगी की इस राशि से आरोपी लग्जरी लाइफ जीने लगे। पर्यटन व अन्य क्षेत्रों में घूमने जाते। साथ ही महंगे व ब्रांडेड सामान खरीदने लगे। ठगी की इस राशि से उन्होंने कुछ दान-पुण्य भी किया।
Published on:
13 May 2026 12:33 pm
Also Read
View All