
Ashoknagar crime News:मध्यप्रदेश के अशोकनगर जिले में युवक-युवती की खून से सनी डेडबॉडी ने इलाके में सनसनी फैला दी है। इलाके के आसपास हर कोई इसी घटना की बात कर रहा है। बता दें कि बीते दिन सड़क के किनारे लावारिस खड़ी एक जीप की अगली सीट पर पड़े दो खून से लथपथ शव मिले थे। ये शव 26 वर्षीय रितिक सोनी और 24 वर्षीय मुस्कान जैन के थे। पास में पिस्टल , कुल्हाड़ी , कटर और 50 मीटर दूर 3 मोबाइल, टोपियां मिलीं है। जिससे ये घटना और ज्यादा अनसुलझी पहेली बना हुआ है।
इस पूरे मामले में मृतक रितिक के पिता राकेश ने जानकारी दी है कि बेटे का फोन लगातार बंद आ रहा था। सूचना मिलने पर वे इंदौर से अशोक नगर पहुंचे। उनका दावा है कि बेटे का चेहरा जला हुआ था। सिर में गोली का निशान था। इतना ही नहीं कार की पीछे की सीट भी पूरी तरह से जली हुई मिली है। जांच में पाया गया कि जीप से 50 फीट दूर तीन मोबाइल फोन पड़े मिले। वहीं कुछ दूरी पर टोपियां भी मिलीं। कार के अंदर दोनों की डेडबॉडी के पास खून लगी कुल्हाड़ी और एक कटर मिलने की बात भी सामने आई है। उनका कहना है कि मौके से मिले साक्ष्य सुनियोजित हत्या की ओर इशारा करते हैं।

जीप में मिली रितिक की डेडबॉडी और पिस्टल
इस पूरे मामले में लगातार खुलासे हो रहे है। रितिक की परिवार की जानकारी के मुताबिक बताया जा रहा है कि रितिक और मुस्कान पहले इंदौर की एक कंपनी में साथ काम करते थे। दो-तीन साल से एक-दूसरे को जानते थे। दोनों के बीच दोस्ती थी, लेकिन प्रेम संबंध था या नहीं, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। रितिक इंदौर में कार इंटीरियर का व्यवसाय करता था। करीब 15 दिन पहले ही अशोक नगर आया था। परिवार का कहना है कि घटना को खौफनाक तरीके से अंजाम दिया गया है।
जानकारी के लिए बता दें कि एमपी के अशोकनगर निवासी रितिक और मुस्कान देर शाम अपने-अपने घरों से निकले थे। जब रात गहराने लगी और दोनों का कुछ अता-पता नहीं चला, तो परिवारों में बेचैनी बढ़ने लगी। अनहोनी की आशंका के चलते परिजन तुरंत कोतवाली थाने पहुंचे और शिकायत की तो पुलिस ने दोनों के मोबाइल नंबरों की लोकेशन ट्रेस की। तकनीकी जांच में टावर लोकेशन ईसागढ़ रोड की तरफ मिली।
लोकेशन को ट्रेस करते हुए जब पुलिस की टीम बुधवार-गुरुवार रात करीब 3 बजे अंधेरे में महाना गांव के करीब पहुंची, तो सड़क किनारे एक जीप खड़ी नजर आई। जीप के करीब जाकर जब पुलिस ने टॉर्च की रोशनी अंदर डाली, तो सबके होश उड़ गए। जीप की आगे की सीट पर रितिक और मुस्कान के शव पड़े थे। पूरा केबिन खून से सना हुआ था। प्रारंभिक तफ्तीश में ऐसा लग रहा है कि रितिक के सिर को निशाना बनाकर गोली मारी गई है, जबकि मुस्कान के शरीर पर भी गहरे और गंभीर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस को कार के अंदर से ही एक पिस्टल भी बरामद हुई है, जो इस पूरी घटना की सबसे अहम कड़ी मानी जा रही है।