
Honeytrap in ashoknagar:एमपी के अशोकनगर जिले में हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग में पदस्थ एक बाबू ने अपनी ही पूर्व नौकरानी पर एक करोड़ रुपये मांगने और झूठे बलात्कार के केस में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। बाबू ने कोतवाली में एफआइआर दर्ज कराई है, जिसमें उसने खुद को एक मददगार के रूप में पेश किया है।
बाबू का दावा है कि उसने इंसानियत के नाते महिला की मदद की थी, लेकिन बदले में उसे ब्लैकमेलिंग का शिकार होना पड़ा। हालांकि, इस कहानी में लाखों रुपये के लेन-देन और आपसी रजामंदी से बने संबंधों की बात भी खुद शिकायतकर्ता ने ही कबूली है। पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 308(6) के तहत ब्लैकमेलिंग का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दतिया के मूल निवासी और वर्तमान में अशोकनगर में पदस्थ पीएचई विभाग के बाबू मोहित मांझी (31 वर्ष) ने यह शिकायत दर्ज कराई है। मोहित मांझी का कहना है कि आरोपी महिला कुछ समय पहले तक उनके घर पर घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी। बाबू का दावा है कि काम के दौरान महिला ने अपनी आर्थिक और पारिवारिक परेशानियां बताईं, जिस पर तरस खाकर उसने महिला की आर्थिक मदद की। बाबू की यह हमदर्दी सिर्फ नकद तक सीमित नहीं रही, उसने बाकायदा महिला, उसके भाई और भाभी के बैंक खातों में भी कई बार राशियां ट्रांसफर कीं। बताया जा रहा है कि बाबू अब तक करीब 3 लाख रुपये लुटा चुका है।
एफआइआर की कहानी के मुताबिक, पैसों के इस लेन-देन के बीच दोनों के आपसी सहमति से शारीरिक संबंध बन गए। बाबू का आरोप है कि महिला ने एक सोची-समझी साजिश के तहत उसकी जानकारी के बिना इन पलों के वीडियो और ऑडियो रिकॉर्ड कर लिए। इसके बाद महिला उसे ब्लैकमेल करने लगी और लगातार व्हाट्सएप पर मैसेज कर अपने घर बुलाने का दबाव बनाने लगी। बाबू का दावा है कि उसके पास ऐसे इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, चैट्स आदि मौजूद हैं, जो साबित करते हैं कि संबंध आपसी सहमति से बने थे।
बाबू का आरोप है कि महिला की प्रताड़ना इतनी बढ़ गई थी कि वह बिना बताए उसके पुराने निवास (टीचर कॉलोनी) पर आ जाती थी। इस विवाद से बचने के लिए उसे अपना घर तक बदलना पड़ा। शिकायत में बताया गया है कि 7 जून को जब बाबू घर पर नहीं था, तब आरोपी महिला अपनी मां के साथ उसके नए घर पहुंच गई। आरोप है कि दोनों ने बाबू की पत्नी के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी, जिससे उसका पूरा परिवार दहशत में है।
बाबू द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत में सबसे संगीन आरोप यह है कि अब महिला लगातार दबाव बना रही है कि या तो उसे कहीं सेटल किया जाए या फिर एक करोड़ रुपए दिए जाएं। मांग पूरी न होने पर महिला द्वारा ये धमकियां दी जा रही हैं, कि दुष्कर्म का केस दर्ज कराएगी और इन प्राइवेट वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करेगी। साथ ही ऑफिस और घर पर आकर हंगामा करने और आत्महत्या कर सुसाइड नोट में बाबू को जिम्मेदार ठहराने की धमकी दी जा रही है।
पुलिस ने बाबू के आवेदन और प्रथम दृष्टया दावों के आधार पर मामला तो दर्ज कर लिया है, लेकिन अब पुलिस दोनों पक्षों के इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, बैंक ट्रांजेक्शन और कॉल डिटेल्स की बारीकी से जांच कर रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि इस मामले में कितनी हमदर्दी थी और कितनी साजिश। पुलिस ने ब्लैकमेलर महिला को गिरफ्तार कर लिया है।