30 जून 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

SDM-तहसीलदार ने दौड़कर संभाला मोर्चा, अशोकनगर कलेक्ट्रेट में बड़ी घटना टली

Farmer Suicide Attempt Collectorate: कलेक्ट्रेट में पहुंचे किसान ने खुद पर केरोसिन उड़ेलकर आत्मदाह करने की कोशिश की, पुलिसकर्मी ने पानी डालकर बचाई जान, दबंगों पर जमीन पर कब्जा करने का आरोप।
2 min read
Google source verification
ashoknagar

farmer suicide attempt collectorate land dispute, किसान ने कलेक्ट्रेट में किया आत्मदाह का प्रयास (Source-patrika)

Ashoknagar Farmer Suicide Attempt Collectorate: मध्यप्रदेश के अशोकनगर में कलेक्ट्रेट में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक किसान ने खुद पर केरोसिन डालकर आत्मदाह करने की कोशिश की। राहत की बात ये है कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी ने तुरंत किसान से केरोसिन की बोतल छीनी और पानी डालकर किसान को आत्मदाह करने से रोक लिया। जब किसान को आत्मदाह करने से रोका गया तो वो फूट-फूट कर रोने लगा और चीख-चीखकर अपनी फरियाद सुनाने लगा। किसान के खुद पर केरोसिन उड़ेलकर आत्मदाह की कोशिश करने की जानकारी लगते ही SDM और तहसीलदार दौड़कर मौके पर पहुंचे और किसान को शांत कराया।

किसान ने किया आत्मदाह का प्रयास

मंगलवार को अशोकनगर कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई चल रही थी। जनसुनवाई में एक किसान अपनी पत्नी के साथ पहुंचा था। आवेदन देने से पहले ही किसान ने खुद पर मिट्टी का तेल उड़ेलकर खुद को आग लगाने की कोशिश की। हालांकि पास ही मौजूद पुलिसकर्मी ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए किसान को रोक लिया और एहतियात के तौर पर उसके ऊपर पानी डाल दिया जिससे कि आग न लगे। इस घटना से कलेक्ट्रेट में हड़कंप मच गया।

देखें वीडियो-

दबंगों से परेशान है किसान

पीड़ित किसान का नाम टुंडा अहिरवार है वह रातीखेड़ा गांव का रहने वाला है। टुंडा अहिरवार मंगलवार को अपनी पत्नी के साथ जनसुनवाई में पहुंचा था।रोते-बिलखते किसान टुंडा ने बताया कि रातीखेड़ा में उसकी 5 बीघा जमीन है। इस जमीन का पिछले साल ही विधिवत सीमांकन भी हो चुका है। इसके बावजूद, गांव के ही तीन दबंग लोगों ने सुबह उसकी जमीन पर जबरन बोवनी कर दी। किसान टुंडा ने ये भी बताया कि वो दबंगों की दबंगई से कई दिनों से परेशान है और कई बार जमीन पर कब्जे को लेकर शिकायतें कर चुका है, सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहा है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।

जनसुनवाई में मचा हड़कंप

किसान के द्वारा जनसुनवाई में आत्मदाह की कोशिश करने से अधिकारियों में हड़कंप मच गया। तुरंत एसडीएम इसरार खान और तहसीलदार भारतेंदु यादव अपनी कुर्सियां छोड़ दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसी तरह बदहवास किसान टुंडा को शांत किया और समझाइश दी। मामले की नजाकत को देखते हुए तुरंत हलका पटवारी को तलब किया गया और किसान को पटवारी के साथ उसी वक्त गांव रवाना किया गया ताकि मौके की जांच हो सके। अधिकारियों ने टुंडा की पत्नी को जनसुनवाई कक्ष में अंदर बैठाकर पूरे मामले पर तसल्ली से चर्चा की और जल्द से जल्द न्याय दिलाने का भरोसा दिया।