
Digvijay Singh : मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा का आज 22 दिन है। यात्रा आज अशोकनगर जिला मुख्यालय से आगे बढ़ रही है। शनिवार रात पदयात्री शहर में ही रुके। इससे पूर्व सुराना चौराहे पर जनसभा को संबोधित करते हुए दिग्विजय सिंह अपने चिर-परिचित आक्रामक तेवर में नजर आए। उन्होंने यात्रा में सहयोग के लिए सपा प्रमुख अखिलेश यादव को धन्यवाद दिया। इसके बाद उन्होंने मंच से कहा कि कौन है चंदा चोर? जो चंदा चोरी हुआ, वह जनता का पैसा था। वोट चोरी पर तो दिग्विजय सिंह मुखर होकर बोले। उन्होंने मंच पर ही कांग्रेस जिलाध्यक्ष का गला पकड़ा और कहा कि पूरे जिले में एक भी वोट चोरी नहीं होना चाहिए।
खुलकर रखूंगा अपनी बात
सुराना चौराहे पर कांग्रेस नेता रितेश जैन द्वारा दिग्विजय सिंह का स्वागत किया गया। यहां उन्होंने आगे कहा कि अभी बहुत सारी बातें करनी हैं और मैं अपनी बात खुलकर रखूंगा।
सभा के दौरान दिग्विजय सिंह ने पूर्व विधायक बलवीर सिंह कुशवाह और उनके बेटे वर्तमान कांग्रेस जिलाध्यक्ष की तारीफ की। उन्होंने जिलाध्यक्ष का गला पकड़ते हुए कहा पूरे जिले में एक भी वोट चोरी नहीं होना चाहिए, इसके लिए तुझे कुछ भी करना पड़े। अगर वोट चोरी हुआ तो तेरा गला दबाऊंगा। इससे मंच पर हंसी- ठिठोली शुरू हो गई।
नपा के नेता प्रतिपक्ष रितेश जैन ने भाषण देते हुए दिग्विजय सिंह की तुलना महात्मा गांधी से कर दी। इस पर पूर्व सांसद रामेश्वर नीखरा ने मंच से ही आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि आज के बाद हमारे आदर्श महात्मा गांधी की तुलना राजा से मत करना। इसपर नेता प्रतिपक्ष ने जब कान पकडऱ माफी मांगी, तो नीखरा ने उन्हें खड़े होकर माफी मांगने को कहा, जिसके बाद उन्होंने खड़े होकर क्षमा मांगी।
इधर, रात में शहर के तुलसी पार्क सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने राज्य और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने वोट चोरी से लेकर शिक्षा व्यवस्था की बदहाली तक पर सरकार को कोसा।
तुलसी पार्क सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कथावाचकों तक पर जमकर तंज कसे।
उन्होंने शिक्षा व्यवस्था पर कहा कि रास्ते में उन्हें 9वीं कक्षा की एक बच्ची मिली, जिससे उन्होंने कुछ पढ़वाया तो वह पढ़ नहीं सकी। सरकार अपनी मानसिकता के लोगों को पदों पर बिठा रही है। हालात यह है कि पूरे देश में 90 हजार और मध्यप्रदेश में 20 हजार स्कूल बंद होने वाले हैं।
कथावाचकों पर चुटकी लेते कहा दिग्विजय सिंह ने कहा कि आजकल कुछ कथावाचक धर्म से ज्यादा राजनीति पर बोलते हैं और मोदी का गुणगान करते हैं। एक कथावाचक ने तो यहां तक कह दिया था कि बच्चों को पढ़ाने के बजाय शिवजी पर बेलपत्र चढ़ाओ तो बच्चा पास हो जाएगा। लेकिन, भगवान ने गजब न्याय किया, उन्हीं का बेटा परीक्षा में फेल हो गया।