
Ritik Soni Ashoknagar- अशोकनगर में कार में युवक युवती के शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने उनकी पहचान मुस्कान जैन और रितिक सोनी के रूप में की। दोनों एक दूसरे से प्यार करते थे लेकिन कुछ दिनों से अनबन चल रही थी। पुलिस की शुरुआती जांच में बताया जा रहा है कि रितिक ने मुस्कान की कुल्हाड़ी और कटर से गला काटकर हत्या कर दी फिर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। दोनों के परिजन इस वारदात से हतप्रभ हैं। युवा बेटे-बेटी की मौत से मां पिता बिलख रहे हैं। रितिक के पिता राकेश, करीब 337 किमी दूर इंदौर से कार दौड़ाते हुए अशोकनगर आए थे। यहां 26 साल के जवां बेटे की लाश देख गमगीन हो गए। अशोकनगर एसपी ने केस की जांच के लिए एसआईटी गठित कर दी है।
पुलिस के अनुसार मुस्कान के पिता के मोबाइल पर बुधवार रात करीब 9.15 बजे बेटी के कई फोटो और वीडियो आए। वे घबराते हुए पुलिस स्टेशन आए और शिकायत दर्ज कराई। मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने मुस्कान की तलाश शुरु की। कई घंटों की मशक्कत के बाद देर रात करीब 3 बजे एक कार में उसकी लाश मिली। साथ में रितिक का भी शव था।
पुलिस ने कार की तलाशी ली और घटनास्थल के आसपास भी खंगालना शुरु किया। कार में खून लगी कुल्हाड़ी, एक कटर, सल्फास आदि चीजें मिलीं वहीं करीब 50 फीट दूर तीन मोबाइल फोन पड़े मिले और कुछ टोपियां भी मिलीं।
रितिक का शव देखकर उनके पिता राकेश भावुक हो गए। उन्होंने बेटे की सुनियोजित रूप से हत्या करने का आरोप लगाया है। राकेश सोनी ने कहा कि घटनास्थल से मिले साक्ष्य स्पष्ट इशारा कर रहे हैं कि मेरे बेटे की हत्या की गई है। उन्होंने बताया कि रितिक के सिर में गोली मारी गई। उसका चेहरा भी झुलसा हुआ था।
राकेश सोनी के अनुसार रितिक की कार की पिछली सीट भी जली थी। उन्होंने बताया कि बेटे का मोबाइल लगातार बंद आ रहा था जिससे वे चिंतित हो उठे। इंदौर से कार से रवाना होकर अशोकनगर पहुंचे जहां बेटे की लाश मिली।
गौरतलब है कि पुलिस ने अभी आधिकारिक तौर पर कुछ भी नहीं कहा है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का यह भी कहना है कि रितिक आर्थिक रूप से भी बेहद संपन्न था। वह लग्जरी जिंदगी जी रहा था।