
अशोकनगर। आर्चायश्री विद्यासागर महाराज की दीक्षा के ५० वर्ष पूर्ण होने पर जैन समाज ने शनिवार को संयम स्वर्ण महा महोत्सव मनाया। इस दौरान आचार्यश्री विद्यासागर द्वार का शुभारंभ भी किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सुभाषगंज हाथी गेट पर आर्यिका अनंतमति माताजी, भावनामति माताजी ससंघ तथा ऐलकश्री सिद्धांतसागरजी महाराज के सान्निध्य में आचार्यश्री की पूजन के साथ किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक गोपीलाल जाटव तथा विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष जयकुमार सिंघई शामिल हुए। अध्यक्षता नपाध्यक्ष सुशीला साहू ने की। शुभारंभ में दिगंबर जैन महिला परिषद, महिला महासमिति सहित महिला संगठनों द्वारा सजाकर लाए गए अष्टद्रव्य के थालों से आचार्यश्री की पूजन की। इस दौरान जैन पंचायत के अध्यक्ष रमेश चौधरी ने संबोधित करते हुए कहा कि सुभाषगंज का गेट नगर को सौंप रहे हैं। इसका नाम आज से नगरपालिका द्वारा आचार्यश्री विद्यासागर द्वार रखा गया है। उन्होंने बताया है कि नगरपालिका की स्वीकृति के बाद जैन पंचायत द्वारा द्वार को राजस्थान के कलाकारों द्वारा तैयार करवाया गया है।
आचार्यश्री चलते-फिरते भगवान हैं। उनके चरण जहां पड़ते हैं वो नगर गांव खुशियों से भर जाता है। हम सब की यही भावना है कि एक बार आचार्यश्री के चरण अशोकनगर की जमीं पर जरूर पड़ें। पूना से आईं डॉ. सपना दीदी ने बताया कि आचार्यश्री का ऐसा व्यक्तित्व है कि पूरे भूमंडल पर नहीं है। जिनका आभा मंडल ऐसा है कि हम माप ही नहीं पाए। जबकि हम मशीन से पूरा आभा मंडल माप देते हैं। पंचायत के महामंत्री महेन्द्र कड़ेसरा ने आचार्यश्री के जीवन पर प्रकाश डाला, भानू चौधरी ने मंगलाचरण पड़ा। शैलेन्द्र श्रृंगार द्वारा आचार्यश्री की संगीतमय पूजन करवाई तथा विजय धुर्रा ने आचार्यश्री के संयम स्वर्ण महोत्सव वर्ष के बारे में जानकारी दी।
विद्यासागर द्वार का हुआ लोकार्पण
कार्यक्रम के दौरान सुभाषगंज के हाथी गेट को राजस्थान के कलाकारों द्वारा विशेष पत्थरों से नक्काशी कर तैयार किया गया है। जिसे अब आचार्यश्री विद्यासागर गेट के नाम से जाना जाएगा। गेट का लोकार्पण से पूर्व नपाध्यक्ष सुशीला साहू ने कार्यक्रम में बताया कि संयम स्वर्ण महोत्सव वर्ष के शुभारंभ में मुनिश्री समयसागरजी महाराज के सान्निध्य में सुभाषगंज में गेट बनाने की बात आई थी तब मैंने संकल्प लिया था कि यह द्वार बनकर रहेगा। हमारी पूरी परिषद भी धन्यवाद की पात्र है जिसे परिषद ने पास कर पूरा करने में सहयोग दिया। निर्माण किसी ने भी करवाया हो लेकिन भावनाएं सभी की जुड़ी हुईं थीं। उन्होंने बताया है कि स्टेशन रोड से गांधीपार्क तक का नाम भी महावीर मार्ग नाम रखा गया है। श्री विद्या नवयुवक मंडल द्वारा विद्यासागर द्वार की सजावट की गई तथा नगर के लोगों के लिए लोकार्पण अवसर पर मिठाई वितरित की गई।
जीवन जीने की कला कीर्ति स्तंभ से मिलती है
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ऐलकश्री सिद्धांतसागरजी महाराज ने बताया कि कीर्ति स्तम्भ सिर्फ जैनों को नहीं बनाना जितने भी अहिंसा के भक्त हैं, आचार्यश्री के भक्त हैं उन्हे बनाना हैं। ये राजनैतिक आश्वासन से नहीं बनेगा। कलेक्टर के यहां जाना नहीं पड़ेगा। सब लोग एक साथ खड़े हो जाएं तो हमें यादगार चाहिए जो मूकमाटी की कृति को प्रस्तुत करे तो कीर्तिस्तम्भ बनने में देर नहीं लगेगी। आचार्यश्री कहते हैं राम की भक्ति में डूबने वाला व्यक्ति मोक्ष को प्राप्त कर लेता है।
हथकरघा स्थापित करने का आचार्यश्री का एक मात्र उद्देश्य रोजगार देना ही नहीं स्वदेशी देना भी है। उन्होंने बताया कि धर्म कैसे चलेगा, राजनेताओं से नहीं जीवित स्तम्भों से चलेगा। जीवित स्तम्भों को जोडऩे का कार्य कीर्ति स्तम्भ करते हैं। जीवन जीने की कला कीर्तिस्तम्भ में मिलती है। विश्व में मैत्री का संदेश कीर्तिस्तम्भ में मिलेगा। परिवार की सुरक्षा आपने कर ली तो आपका कीर्ति स्तम्भ बनाना सार्थक होगा। उन्होंने बताया कि परम योगी के लिए यहां लाना चाहते हो तो आपको तपस्या करनी होगी। इस अशोकनगर में बहुत सारे आचार्यश्री के भक्त हैं। भक्त की अनुभक्ति अवश्य होनी चाहिए।
त्याग तपस्या का संदेश देगा विद्यासागर द्वार
आर्यिका अनंतमति माताजी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बताया कि विद्यासागर द्वार गुरूवर का आह्वान करने के लिए भव्य निर्माण कार्य पूरा हुआ है। यह दूर-दूर से आए अतिथियों को संदेश दे रहा है कि आचार्यश्री विद्यासागर की त्याग तपस्या व संयम की वही त्याग, तपस्या व संयम हमारे जीवन में आए जिससे उस अक्षर सुख को प्राप्त कर सकते हैं जो महावीर ने हमें दिया है। दादा गुरु आचार्यश्री ज्ञानसागरजी महाराज ने आचार्यश्री के विद्यासागर जी के बारे में बताया था कि मुझे तो यह शिष्य अपने जीवन काल की संध्या में मिला है। आप सब भाग्यशाली हैं कि आपको लंबे समय तक इसका प्रकाश मिलेगा। दादा गुरु बहुत तपोव्रत, ज्योतिषाचार्य, सिद्धांतवादी थे।