
अशोकनगर. शहर में राज्यस्तरीय जूड़ो प्रतियोगिता का शुभारंभ हो गया, जिसमें प्रदेश के सभी संभागों से 400 खिलाड़ी शामिल हैं। बुधवार से शुरू हुई यह प्रतियोगिता 29 जुलाई तक चलेगी। इसके लिए शिक्षा विभाग ने संभागों की इन टीमों को शहर के स्कूलों में रोकने की व्यवस्था की गई है।
शहर के मानस भवन में हो रही इस प्रतियोगिता का बुधवार को एसपी सुनीलकुमार जैन ने शुभारंभ किया। शुभारंभ के मौके पर खिलाड़ी छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आपको देखकर मुझे अपने बचपन की याद आ गई। हम जब छोटे थे, तो इसी तरह से अन्य शहरों में पहुंचकर खेल प्रतियोगिता में शामिल होने जाते थे। उन्होंने कहा कि खेल के साथ-साथ पढ़ाई भी जरूरी है, आप लोग खेलेंगे, बढेंगे तो देश का नाम रोशन करेंगे। कोई भी जीते, लेकिन देश का नाम आना चाहिए।
मंच पर बैठे अधिकारियों को एसपी ने हिदायत देते हुए कहा कि बारिश का मौसम है और ऐसे में खिलाड़ी बच्चों को परेशानी नहीं आना चाहिए और इनके लिए अच्छी व्यवस्थाएं करें। जिससे बच्चों को कोई परेशानी न हो। इस दौरान खिलाड़ी छात्र-छात्राओं में जोश देखा गया और वह उत्साह के साथ शुभारंभ अवसर पर तालियां बजाते दिखे।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने भी अपनी अपनी बातें खेल अधिकारी के सामने रखी। बच्चों ने बताया कि उन्हें खेल के दौरान क्या क्या समस्या का सामना करना पड़ता है। साथ ही उन्हें क्या क्या व्यवस्थाएं दी जानी चाहिए।
खेल में ईमानदारी बरतने की शपथ
कार्यक्रम में एक छात्रा खिलाड़ी ने सभी खिलाडिय़ों को खेलों के ईमानदारी बरतने की शपथ दिलाई। इसमें भोपाल, जबलपुर, रीवा, इंदौर, उज्जैन,सागर, नर्मदापुरम संभाग और आदिवासी विकास की टीम शामिल हुई हैं। जिनमें 200 छात्र और 200 छात्राएं शामिल हैं। इससे मानस भवन में 29 जुलाई तक रोजाना ही यह प्रतियोगिता चलेगी। इस मौके पर खेल अधिकारी संचिता राठौर, अनिल खंतवाल, बीके बामोरिया आदि उपस्थित थे। शुभारंभ अवसर पर प्रहलाद श्रीवास्तव ने मंच संचालन किया।