अशोकनगर

यहां कफन से पहले करना पड़ती है तिरपाल की व्यवस्था

यहां कफन से पहले करना पड़ती है तिरपाल की व्यवस्था
2 min read
• •
Updated: 17 Aug 2018, 4:37 PM IST
ashoknagar, ashoknagar patrika, patrika news, patrika bhopal, bhopal mp, latest hindi news, today news,
यहां कफन से पहले करना पड़ती है तिरपाल की व्यवस्था

अशोकनगर/नईसराय.
दिवंगत के अंतिम संस्कार के लिए लकड़ी, कंडे और अंतिम संस्कार में जरूरी सामान एकत्रित करते हुए तो आपने तमाम लोगों को देखा होगा। लेकिन अंतिम संस्कार में सबसे जरूरी समझे जाने वाले कफन के पहले तिरपाल की व्यवस्था करना शायद ही आपने कभी सुना हो। लेकिन नईसराय तहसील मुख्यालय बारिश के दिनों में कफन के पहले तिरपाल की व्यवस्था करना जरूरी होता है। दरअसल, नईसराय तहसील मुख्यालय पर चार मुक्तिधाम हैं। इनमें से दो मुक्तिधाम तो धरातल से गायब होने की कगार पर हैं। जबकि एक मुक्तिधाम अभी निर्माणाधीन है।

खास बात यह है कि जिस मुक्तिधाम की आवश्यकता ग्रामीणों को अधिक पड़ती है। उसका निर्माण सरपंच और जनपद पंचायत के बीच उलझकर रह गया है। मुक्तिधाम पर जर्जर प्लेटफार्म और लोहे के एंगल ही हैं। इस कारण बारिश के दिनों में अंतिम संस्कार के समय आग नहीं बुझ सके। इसके लिए तिरपाल ताननी पड़ता है। साथ ही इस मुक्तिधाम पर अन्य जरूरी सुविधाएं तो दूर सफाई की व्यवस्था भी नहीं है। इससे लोगों को नाक बंद कर अंतिम संस्कार में शामिल होना पड़ता है। लगभग 6 हजार की आबादी वाले नईसराय कस्बे में कहने को तो चार मुक्तिधाम हैं।

लेकिन इनमें से सीहोर रोड और डुंगासरा रोड स्थित मुक्तिधाम तो धरातल से गायब होने की कगार पर पहुंच गए हैं। सूत्रों की माने तो सीहोर रोड पर मुक्तिधाम के लिए पौने दो बीघा से भी ज्यादा सरकारी रकबा है। लेकिन वर्तमान समय में यहां एक बिस्वा जमीन भी नहीं बची। हालांकि, यह मुक्तिधाम सीहोर ग्राम पंचायत के तहत आता है। लेकिन उपयोग नईसराय के ग्रामीण करते हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि जगह की कमी के कारण अब लोगों ने इस मुक्तिधाम पर आना ही बंद कर दिया। इसी तरह डुंगासरा रोड पर स्थित मुक्तिधाम भी सरकारी रिकार्ड में खुर्द बुर्द बताया जाता है।

खबर के बाद कलेक्टर ने दिए थे आदेश
सरकारी अस्पताल के पीछे स्थित मुक्तिधाम पर भी बड़ी समस्या थी। यहां पर भी न तो शेड की व्यवस्था थी। नहीं अन्य जरूरी सुविधाएं। इस कारण लगभग दो साल पहले बारिश के दिनों में एक दिवंगत का अंतिम संस्कार बड़ी मुश्किल से हो सका। पत्रिका ने इस खबर को प्रमुखता से छापा तो कलेक्टर बीएस जामौद के निर्देश पर आरसीसी के मुक्तिधाम का निर्माण किया गया। हालांकि, यह मुक्तिधाम नईसराय से दूर है।

तहसील मुख्यालय पर इस तरह की परेशानी वाकई बड़ा मामला है। मुझे हैरत तो इस बात की है कि अभी तक इस दिशा में कोई प्रयास क्यों नहीं किया गया। मैं कल ही तहसीलदार से इस संबंध में जानकारी लेती हूं। जो मुक्तिधाम धरातल से गायब होने की कगार पर हैं। उनका भी सीमांकन कराया जाएगा। साथ ही जल्द ही तहसील मुख्यालय पर मुक्तिधाम बनकर तैयार हों, ऐसा प्रयास किया जाएगा।
डॉ. मंजू शर्मा, कलेक्टर

Published on: