-कोटा मंडल के तीन स्टेशनों पर दोहरीकरण को एनआई कार्य, तो रेलवे ने लिया निर्णय।
अशोकनगर. चार दिन तक रूट पर मेमू ट्रेन रद्द रहेगी और जोधपुर एक्सप्रेस गुना-बीना की वजाय नागदा के रास्ते भोपाल तक चलेगी। इसके अलावा भागलपुर एक्सप्रेस रुठियाई से नागदा के रास्ते चलेगी। कोटा मंडल में चल रहे लाइन दोहरीकरण कार्य के लिए रेलवे ने ट्रेनों के रास्तों में यह बदलाव किया।
पश्चिम मध्य रेलवे के मुताबिक 9 दिसंबर से 12 दिसंबर तक कोटा-बीना और बीना-कोटा मेमू ट्रेन सिर्फ कोटा से अटरु स्टेशन के बीच चलेगी और अटरु से बीना के बीच यह ट्रेन रद्द रहेगी। वहीं भोपाल-जोधपुर और जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस 9 दिसंबर से 11 दिसंबर तक कोटा-बीना-भोपाल मार्ग की वजाय कोटा-नागदा-संत हिरदाराम नगर के रास्ते भोपाल तक चलेगी। इसके अलावा 8 दिसंबर को प्रारंभिक स्टेशन से चलने वाली भागलपुर-अजमेर और 10 दिसंबर को अजमेर से चलने वाली अजमेर-भागलपुर एक्सप्रेस रुठियाई-कोटा की वजाय रुठियाई-नागदा-कोटा के रास्ते चलेगी। कारण: तीन स्टेशनों पर शुरु होना है डबल लाइन-
रेलवे के मुताबिक कोटा मंडल के सालपुरा, केसोली और छबड़ा गूगोर स्टेशन पर डबल लाइन शुरु होना है। इसके लिए लाइन दोहरीकरण का प्री-नॉन इंटरलॉकिंग व नॉन इंटरलॉकिंग कार्य होना है। इससे इन ट्रेनों को रद्द किया गया है और कई के रास्ते बदले गए हैं। रूट पर चार ट्रेनों के बंद होने से यात्रियों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ेगा। जिलेवासियों का कहना है कि इस अवधि में रेलवे को गुना से बीना के बीच ट्रेन चलाना चाहिए। ताकि यात्रियों को परेशानियों का सामना न करना पड़े।
यहां देरी: 27 किमी में सिंगल लाइन से यात्री परेशान-
बीना-कोटा रेल लाइन दोहरीकरण में से भोपाल मंडल के बीना से रुठियाई तक के 139 किमी हिस्से में से 112 किमी में डबल लाइन चालू है। लेकिन कंजिया से पिपरई तक 27 किमी हिस्से में सिंगल लाइन है, इससे इसी 27 किमी के हिस्से में ट्रेनें लेट हो रही हैं। स्थिति यह है कि अशोकनगर से मुंगावली के बीच 46 किमी की दूरी तय करने में ट्रेनों को डेढ़ से दो घंटे का समय लग रहा है। ट्रेनों की देरी से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। लेकिन इस हिस्से में कई समयसीमा निकलने के बाद भी डबल लाइन चालू नहीं हो सकी है।