मुख्यमंत्री शिवराज सिंह पर कटाक्ष करते हुए बोले सिंधिया इन्हें मुंगावली में जगह नहीं मिल रही तो कांग्रेसियों के घरों में घुस रहे हैं
अशोकनगर/मुंगावली। बहादुरपुर में सभा से लौट रहे सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के काफिले में मप्र के पीडब्ल्यूडी मंत्री रामपालसिंह का वाहन फंस गया। इसी दौरान किसी भाजपा समर्थक ने शिवराज जिंदाबाद का नारा लगाया तो कांग्रेसी भडक़ गए और उन्होंने भी नारेबाजी शुरू कर दी।
रविवार को दोपहर करीब 3.00 बजे सांसद का काफिला बहादुरपुर से चला था। इसी दौरान पीछे से पीडब्ल्यूडी मंत्री व भाजपा प्रत्याशी भी अपने समर्थकों के साथ वहां से गुजरे। इसी दौरान मंत्री व भाजपा प्रत्याशी के वाहन भीड़ में फंस गए। यहां अचानक किसी ने शिवराज सिंह जिंदाबाद का नारा लगा दिया। तो कांग्रेसी भी एकत्रित होकर और सिंधिया जिंदाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए।
पास ही चुनाव कार्यालय से और कांग्रेसी एकत्रित हो गए और उनकी भीड़ बढ़ गई। काफी देर तक कांग्रेसियों ने जमकर नारेबाजी की। सूचना लगते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। भीड़भाड़ अधिक होने के कारण भाजपा प्रत्याशी बाईसाहब यादव व उनके समर्थकों ने अपने वाहन थाने में से निकालते हुए वापस लौटा लिए और दूसरे रास्ते से आगे बढ़े। वहीं पीडब्ल्यूडी मंत्री भीड़ से होते हुए ही आगे निकले। सांसद ने शाम को करीब 6.00 बजे मुंगावी में रोड शो भी निकाला। रोडशो पिपरई रोड से शुरू हुआ और नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए वहीं वापस पहुंचा।
यहां सांसद प्रतिनिधि मनोज जैन राजू के साथ में निकलने के कयास लगाए जा रहे थे। लेकिन वे रोड शो से नदारद रहे। उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले सीएम ने उनके यहां रुककर चाय-नाश्ता किया था। रोडशो में सांसद के साथ कांग्रेस प्रत्याशी ब्रजेन्द्रसिंह यादव, पूर्व विधायक बलवीर कुशवाह, चंदेरी विधायक गोपालसिंह चौहान, तुसली सिलावट आदि नेता मौजूद रहे। इस दौरान सांसद व प्रत्याशी खुली जीप में लोगों का अभिवादन करते हुए निकले।
कांग्रेसियों के घर में घुस रहे हैं मुख्यमंत्री
सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बहादुरपुर में सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मुंगावली में मुख्यमंत्री सहित १७-१८ मंत्री घूम रहे हैं। इन्हें जगह नहीं मिल रही है तो ये कांग्रेसियों के घरों में घुस रहे हैं। मैंने भी कह दिया कि अतिथि हैं, खिलाओ-पिलाओ, मेहमान नवाजी करो और २४ तारीख को रवाना कर दो।उन्होंने कहा कि अब प्रदेश की राजधानी भोपाल नहीं मुंगावली बन गई है। मुख्यमंत्री और १७-१८ मंत्री यहां घूम रहे हैं। चुनाव 2 महीने और चला तो भोपाल का वल्लभ भवन भी मुंगावली में होगा। इन्हें हार का आभास हो गया है, इसलिए सभाओं में भीड़ बुलाने के लिए महिलाओं को नचाया जा रहा है, जादूगर को बुलाया जा रहा है और धमकियां दी जा रही हैं। लेकिन आपका कोई बाल बांका नहीं कर सकता, जब तक ज्योतिरादित्य सिंधिया जिंदा है। मप्र की भाजपा सरकार राक्षस बन चुकी है और किसानों पर गोली चलाने और रौंदने का काम किया जा रहा है।
रोड शो पर उठाया सवाल
सांसद ने सीएम के रोड शो पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के रोड शो में ५० वाहन तो पुलिस के थे और सडक़ किनारे २०-२० लोग खड़े होकर स्वागत कर रहे हैं। इस टाइम तो वे सब दे रहे हैं, चंदा मामा भी मांगोगे तो कह देंगे दिया। लेकिन मेरे क्षेत्र की जनता बिकाऊ नहीं नहीं। जो सीएम अपनी विस को स्मार्ट सिटी नहीं बनाई वो मुंगावली को कैसे बनाएंगे।
सरदारपुर में भाजपा के राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त नेता की सभा से लौटे आदिवासी
ग्राम सरदारपुर में शनिवार को सहरिया विकास प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त मुकेश मल्होत्रा द्वारा आदिवासियों की बैठक बुलाई गई थी। जिसमें उन्हें सामाजिक सुधार की बात कहकर इकट्ठा किया गया था। लेकिन इसी बीच वोट मांगने लगे तो आदिवासी नाराज हो गए और कार्यक्रम से उठकर चले गए। आदिवासियों ने कहा कि समाज सुधारने की बात करने बुलाया था और वोट मांगने लगे। यहां खजूरिया चक्क सहित आसपास के गांवों से आदिवासियों को बुलाया गया था। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर दिन भर चलता रहा।