अशोकनगर

खाई में तपती गिट्टी पर पड़ा रहा वृद्ध, जानिए क्या है मामला….

दो दिन पहले बैंक से पैसे निकालने आया था वृद्ध, नायब तहसीलदार ने देखा तो उठाकर पहुंचाया जिला अस्पताल, हालत गंभीर
2 min read
• •
Updated: 6 May 2022, 11:44 PM IST
खाई में तपती गिट्टी पर पड़ा रहा वृद्ध, जानिए क्या है मामला....
खाई में तपती गिट्टी पर पड़ा रहा वृद्ध, जानिए क्या है मामला....

अशोकनगर. बैंक से पैसे निकालने की कहकर दो दिन पहले घर से निकला वृद्ध शहर रेल पटरी किनारे खाई में गिर गया, जो तपती गिट्टी पर पड़ा तड़पता रहा, लेकिन आते-जाते लोगों ने सुध तक नहीं ली और लोग उसे नशेलची झमझते रहे। बाद में नायब तहसीलदार ने देखा तो उसे उठाकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जिसकी हालत गंभीर है।

नायब तहसीलदार अनिल शर्मा अंडरब्रिज के एप्रोच रोड के निर्माण के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ निरीक्षण करने गए थे। जहां रेलवे फाटक के पास ही वृद्ध खाई में पड़ा हुआ मिला। भीषण गर्मी में खाई में पड़े होने से भूख-प्यास से उसकी हालत खराब हो चुकी थी और वह आवाज भी नहीं दे पा रहा था। जब लोगों की मदद से उठाया तो उसके शरीर में तपती गिट्टी चुभी हुई मिलीं। जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वृद्ध ने अपना नाम 60 वर्षीय मुसब्बर खान निवासी मूडरा बताया है।

चक्कर आने से गिरा

मुसब्बर खान ने बताया कि उसे बैंक से रुपए निकालना थे और इससे वह दो दिन पहले गांव से आया था। रेलवे पटरी पार करते समय चक्कर आ गए और खाई में गिर गया। आते-जाते लोगों से मदद मांगी तो किसी ने नहीं की और नशेलची समझकर उसे देखते हुए निकलते रहे। वृद्ध ने बताया कि तभी से वह वहां पड़ा हुआ था।

इधर, पुलिस ने लाठियों से पीटा तो सिर से निकलने लगा खून

अशोकनगर. शहर में रुद्राक्ष और जड़ी-बूटियां बेचने वाले डेरों की एक महिला घायल अवस्था में जिला अस्पताल पहुंची, जिसके सिर से खून बह रहा था। साथ ही महिला ने आरोप लगाया कि पुलिस ने आकर उसके पति को पीटा और वह बचाने पहुंची तो उसे भी लाठियों से पीटा।
कटनी क्षेत्र की रहने वाली 28 वर्षीय गुल्लू पत्नी गप्पू आदिवासी का कहना है कि वह अपने पति व डेरे के अन्य लोगों के साथ आई है। जो सभी तहसील के सामने तंबू लगाकर रह रहे हैं और शहर में रुद्राक्ष व जड़ी बूटी बेचते हैं। रुद्राक्ष बेचने गए पति का शहर में किसी से विवाद हो गया था और शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे पुलिस ने आकर पति को पीटा, जब वह बचाने पहुंची तो लाठियों से उसे भी पीटा। जिससे सिर में चोट लग जाने से खून बहने लगा। हालांकि किस थाने की पुलिस ने पीटा, इसके बारे में वह कुछ नहीं बता पा रही है।

Published on: