अशोकनगर

‘टॉयलेट जाना है, गाड़ी रोको…’, फिर दुल्हन ने जमकर मचाया फिल्मी ड्रामा

MP News: दुल्हन, दूल्हे के परिवार के साथ जबलपुर के लिए रवाना तो हो गई, लेकिन उसके दिमाग में दूसरी ही स्क्रिप्ट चल रही थी।
2 min read
Mar 31, 2026
Robber Bride
Robber Bride प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source - Patrika)

MP News: शादी की चाहत में बैठे परिवार को शिकार बनाने वाले मामले का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने एक ऐसी दुल्हन को गिरफ्तार किया है, जिसने न सिर्फ शादी का झांसा देकर एक लाख रुपए की ठगी की, बल्कि पैसे लेकर भागने पूरी फिल्मी स्क्रिप्ट भी रच डाली। हालांकि, पुलिस के आगे महिला का ड्रामा ज्यादा देर तक नहीं टिक सका और वह सलाखों के पीछे पहुंच गई। पुलिस के मुताबिक, जबलपुर के कंचनपुर आधार ताल निवासी 61 वर्षीय बाबूलाल विश्वकर्मा ने अपने बेटे की शादी के लिए गुना निवासी 23 वर्षीय महिला और उसके मौसेरे भाई देवेंद्र गोस्वामी से संपर्क किया था।

महिला व उसके साथियों ने बाबूलाल को शादी का पूरा भरोसा दिलाया और शादी के एवज में एक लाख रुपए की मांग की। 29 मार्च को गिरोह ने बाबूलाल से 55 हजार रुपए फोन पे के माध्यम से और 45 हजार रुपए नकद ले लिए। तय हुआ कि रविवार होने के कारण यहां कोर्ट मैरिज नहीं हो पाएगी, इससे महिला दूल्हे के परिवार के साथ जबलपुर जाएगी और वहीं कोर्ट मैरिज होगी।

रास्ते में शुरू दुल्हन का असली खेल

एएसआइ आमोद तिवारी के मुताबिक रुपए मिलने के बाद दुल्हन दूल्हे के परिवार के साथ जबलपुर के लिए रवाना तो हो गई, लेकिन उसके दिमाग में ठगी की दूसरी ही स्क्रिप्ट चल रही थी। वो पूरी तरह से सोच में थी कि आगे क्या किया जाए। इसकी बीच अचानक उसने टॉयलेट जाने का बहाना बनाकर जिले के कजराई गांव के पास गाड़ी रुकवा ली।

गाड़ी रुकने के बाद वह नीचे उतर गई और वहां पर मौजूद ग्रामीणों के सामने चिल्लाना शुरू कर दिया कि यह लोग मुझे जबरदस्ती पकड़‌कर ले जा रहे हैं। मेरी मदद करो। और तेज-तेज से रोने लगी। दुल्हन की योजना थी कि इस हंगामे और ग्रामीणों को देखकर दूल्हे का परिवार भाग जाएगा और वह एक लाख रुपये लेकर आसानी से चंपत हो जाएगी। लेकिन यहां पर दुल्हन की प्लानिंग फेल हो गई।

थाने में हुआ षड्यंत्र का खुलासा, युवती गिरफ्तार

ये पूरा मामला जब देहात थाने पहुंचा तो शुरुआत में पुलिसवालों को भी ये मामला अपहरण का लगा। थोड़ी देर बाद जब पुलिस ने उस दुल्हन और दूल्हे के पिता से पूछताछ की तो पूरी साजिश की परतें खुल गई और षड्यंत्र का पर्दाफाश हो गया। सारा सच सामने आ गया। जबलपुर निवासी बाबूलाल विश्वकर्मा की शिकायत पर प्रकरण दर्ज किया गया और आरोपी दुल्हन को गिरफ्तार कर लिया गया। थाना प्रभारी भुवनेश शर्मा ने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Updated on:
31 Mar 2026 05:59 pm
Published on:
31 Mar 2026 05:59 pm