अशोकनगर

करंट से तीन लोगों की मौत, दो पर प्रकरण दर्ज

जिले के तीन अलग-अलग स्थानों पर करंट की घटनाओं में तीन लोगों और एक गाय की मौत हो गई।
2 min read
• •
Updated: 14 Jul 2018, 8:56 AM IST
news
  Kadwayaa The family mourns weeping at the death of the child

अशोकनगर/ कदवाया. जिले के तीन अलग-अलग स्थानों पर करंट की घटनाओं में तीन लोगों और एक गाय की मौत हो गई। मरने वालों में एक 13 वर्षीय बालक भी शामिल है, जो करंट की वजह से खेत की तारफेंसिंग में फंसा हुआ मिला। खास बात यह है कि इनमें से दो घटनाओं का मुख्य कारण लापरवाही पूर्वक की जा रही बिजली चोरी है। हालांकि पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

शहर के पाराशर मोहल्ला निवासी 40 वर्षीय राजेश पुत्र बाबूलाल कोरी घर में नल से पानी भरने के लिए विद्युत पंप को सुधार रहे थे। जहां वह विद्युत पंप में आए करंट की चपेट में आ गए और जब तक परिजन कुछ समझ पाते, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

बिजली बंद कर परिजनों ने उठाया और जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जहां पीएम कर शव को परिजनों को सौंप दिया। दूसरा मामला ईसागढ़ के बानौरा गांव में गुरुवार शाम को पांच बजे का है। यशपाल पुत्र घूमनसिंह यादव के खेत में एलटी लाइन से ट््यूबवेल के लिए केबल डाली गई थी, जहां पर काम करने पहुंचे गांव के 42 वर्षीय लल्लीराम पुत्र हीरालाल जाटव की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। बिजली कंपनी के मुताबिक चोरी से खेत में बिजली केबल डली थी, जो अवैध है।

तारफेंसिंग में फंसा मिला 13 वर्षीय बालक
शुक्रवार को सुबह सात बजे कदवाया में मामौन रोड पर केवट मोहल्ला निवासी 13 वर्षीय संजीव पुत्र दाखाराम केवट खेत पर लगी तारफेंसिंग में फंसा हुआ मृत मिला। तारफेंसिंग पर बिजली की केबल लगी हुई थी और उसमें जगह-जगह कट होने से तारफेंसिंग में करंट आने से उसकी मौत हुई।

वहीं दस फिट दूर ही एक गाय की भी करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। गांव के मन्नू केवट ने परिजनों को सूचना दी। थाना प्रभारी नीतू अहिरवार और एएसआई इंद्रपुरी गोस्वामी ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली ओर मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है। बिजली कंपनी के मुताबिक गांव का चंद्रभान कुशवाह बिजली चोरी करने खंभे से तारफेंसिंग के सहारे केबिल डाले हुए था।

Published on: