तालिबान के खिलाफ अफगान सुरक्षा बलों ने कड़ी कार्रवाई करते हुए 24 आतंकियों को मौत के घाट उतार दिया है।
काबुलः तालिबान का अफगान सरकार से बातचीत का प्रस्ताव मानने से इनकार के एक दिन बाद अफगानिस्तान सरकार ने कड़ी कार्रवाई है। बल्ख प्रांत में गुरुवार को सैन्य बलों की कार्रवाई में आतंकवादी संगठन तालिबान के कम से कम 24 आतंकवादी मारे गए हैं। इसके अलावा 36 आतंकियों की घायल होने की सूचना है। अफगानिस्तान सेना के एक प्रवक्ता ने बताया कि सुरक्षाबलों ने गुरुवार तड़के 1.30 बजे तालिबान के ठिकानों पर जमीनी और हवाई हमले किए।" इस हमले में आतंकी संगठन को काफी नुकसान हुआ है।
तालिबान ने बुधवार को दी थी धमकी
अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी पर 'धोखा देने और षड्यंत्र' रचने का आरोप लगाते हुए तालिबान ने शांति प्रस्ताव को ठुकरा दिया था। तालिबान ने बुधवार को अपने कथित वसंत अभियान की शुरुआत की थी जिसके बाद से देश के विभिन्न हिस्सों में अफगान सुरक्षा बलों के साथ उनका संघर्ष जारी है। आतंकी संगठन की तरफ से कहा गया था कि वह अफगानिस्तान सरकार और विदेशी ताकतों के खिलाफ हमले करना जारी रखेगा। तालिबान ने अमरीकी संस्थानों और दूतावास को निशाना बनाकर हमला करने की चेतावनी दी थी।
तालिबान पर सेना ने कसी नकेल
इससे पहले एक अप्रैल को अफगान सेना ने कंधार प्रांत में 30 तालिबानी आतंकियों को मौत के घाट उतार दिया था। सुरक्षाबलों की कार्रवाई से परेशान तालिबान ने भी आम नागरिकों को निशाना बनाकर हमले किए थे। दरअसल यह आतंकी संगठन अफगानिस्तान में अपनी जड़ें जमा चुका है और अफगान सैनिकों पर अक्सर हमला करता रहता है। सुरक्षा बल भी तालिबान पर नकेल कसने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे हैं। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने भी कहा है कि आतंकवादियों को कमजोर करने के लिए उनके खिलाफ आगे भी सैन्य अभियान जारी रहेगा। उधर काबुल में बुधवार को संदिग्ध आतंकी बम धमाके में तीन लोग घायल हो गए थे।