अफगानिस्तान के कुंदुज में सेना ने अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की इस कार्रवाई में 11 जवान घायल हो गए
काबुल। अफगानिस्तान में सेना ने तालिबान पर बड़ी कार्रवाई की है। सेना ने तालिबान के एक प्रमुख कमांडर समेत 35 आतंकियों को मार गिराया है। इससे पहले अफगानिस्तान की सेना और तालिबान आतंकियों में मुठभेड़ हुई थी। इसमें तीन जवान मारे गए थे। जबकि 11 जवान घायल हो गए थे। इसके बाद सेना ने तालिबान आतंकियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।
राष्ट्रीय सुरक्षा निदेशालय के मुताबिक अफगानिस्तान के कुंदुज में सेना ने अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। तालिबान आतंकियों को संभलने का मौका नहीं मिला। इससे पहले अफगानिस्तान स्वतंत्रता दिवस पर एक बड़ा आतंकी हमला देखने को मिला था। जलालाबाद में हुए इस आतंकी हमले में 66 लोग घायल हो गए थे। इस हमले के बाद अफगानिस्तान में स्वतंत्रता दिवस समारोह को टाला गया था।
अफगानिस्तान के राष्ट्रपति के प्रवक्ता सेदिक सेदिक्की के अनुसार सचिवालय ने राष्ट्रपति मोहम्मद अशरफ गनी के निर्देश पर अफगानिस्तान के स्वतंत्रता समारोह के आयोजन को टाल दिया। राष्ट्रपति गनी ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में हुए विस्फोट में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की थी।
विश्व से जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर Like करें, Follow करें Twitter पर ..