एशिया

चीनः कोयले की खदान में विस्फोट से 4 की मौत, सरकार ने दिए जांच के आदेश

चीन में कोयले की एक खदान में बड़ा हादसा हो गया है। खदान में विस्फोट से 4 लोगों की जान चली गई है। घटना की जांच के आदेश दिए गए हैं।
2 min read
• •
Updated: 7 Aug 2018, 9:28 PM IST
mine blast
चीनः कोयले की खदान में विस्फोट, 4 लोगों की मौत

गुइयांग। चीन के गुइझोऊ प्रांत में स्थित कोयले की एक खदान में हुए हादसे में चार लोगों की मौत हो गई और नौ अन्य लापता हो गए। अधिकारियों ने मंगलवार को इस बात की जानकारी दी। इस घटना को गुइझोऊ प्रांत की सरकार ने गंभीरता से लिया है। सरकार ने इस मामले की जांच के आदेश दिए हैं। स्थानीय प्रशासन से कहा गया है कि जांच के बाद दोषी लोगों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। स्थानीय मीडिया के अनुसार, पनझौ शहर स्थित जिमुजिया कोयला खदान में सोमवार रात 9.10 बजे विस्फोट हुआ था। आपात बचाव मुख्यालय ने कहा कि खदान में अधिकतम गैस घनत्व लगभग 40 प्रतिशत से न्यूनतम स्तर एक प्रतिशत पहुंच गया था। 60 से ज्यादा बचावकर्मी लापता लोगों की तलाश कर रहे हैं।

जून में भी हुआ था हादसा
इससे पहले 6 जून को चीन के उत्तरी-पूर्व लियाओनिंग प्रांत में एक लौह अयस्क खदान में विस्फोट ने कई लोगों के घरों की खुशियां छीन थी। इस घटना में कम से कम 11 मजदूरों की मौत हो गई थी जबकि 9 लोग झुलस गए थे। विस्फोट के बाद खदान में फंसे 23 मजूदरों को सकुशल बाहर निकाला गया था। खदान में काम करने वाले दो मजदूरों का अभी तक सुराग नहीं लग पाया है।

ऐसे हुआ था हादसा
बताया जा रहा है कि ये हादसा 6 जून को उस समय हुआ जब कुछ मजदूर खदान में विस्फोटक पदार्थ डाल रहे थे। खदान में विस्फोट होने से नीचे से ऊपर आने का रास्ता बंद हो गया, जिससे जमीन के नीचे 25 मजदूर फंस गए। विस्फोट होने से ऊपर मौजूद 11 मजदूरों की मौके पर मौत हो गई। जबकि 9 लोग झुलस गए। लौह खदान के अधिकारियों ने बताया कि खदान में 25 मजदूर फंसे हुए थे। जिन्हें बाद में निकाला गया।

चीन में अक्सर होती हैं ऐसी घटनाएं
चीन के लौह अयस्क खदान में विस्फोट की घटनाएं अक्सर होती रहती हैं। यहां पर इस तरह की घटनाएं सामान्य हैं। खदान में काम करने वाले मजदूरों की आए दिन ऐसी घटनाओं में मौत हो जाती है। लेकिन चीन सरकार की तरफ से मजदूरों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान नहीं दिया जाता।

Published on: